आज के समय में महंगाई तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में रिटायरमेंट के बाद हर महीने तय रकम मिलना बहुत जरूरी हो जाता है। पेंशन हर किसी को नहीं मिलती और बैंक ब्याज भी कम हो गया है। ऐसे में लोग ऐसी स्कीम ढूंढते हैं, जहां पैसा सुरक्षित भी रहे और नियमित कमाई भी होती रहे। पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम यानी SCSS इसी जरूरत को पूरा करने के लिए बनाई गई है।
क्या है सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम?
यह एक सरकारी बचत योजना है, जिसमें सरकार की गारंटी होती है। इसलिए इसे पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है। फिलहाल इस योजना में 8.2 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल रहा है। खास बात यह है कि जब आप खाता खोलते हैं, उसी समय जो ब्याज दर तय होती है, वही पूरी अवधि तक मिलती रहती है। यानी बीच में दर घटने का डर नहीं रहता।
कितने रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेश?
इस योजना में आप कम से कम 1000 रुपये से खाता खोल सकते हैं। अधिकतम निवेश सीमा 30 लाख रुपये है। पति-पत्नी मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। निवेश करने के बाद आपको हर तीन महीने में ब्याज की रकम मिलती है। यह पैसा सीधे आपके बैंक खाते में आता है, जिससे नियमित आय बनी रहती है।
ये भी पढ़ें : CIBIL स्कोर खराब तो क्या बंद हो जाएंगे Credit Card के रास्ते? जानिए नियम और आपके विकल्प
टैक्स में भी मिलता है फायदा
इस स्कीम का एक बड़ा लाभ टैक्स बचत है। इसमें किए गए निवेश पर आयकर कानून की धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिलती है। यानी आप सुरक्षित निवेश के साथ टैक्स में भी राहत पा सकते हैं। हालांकि मिलने वाला ब्याज आपकी आय में जोड़ा जाता है, इसलिए उस पर टैक्स नियम लागू होते हैं।
कौन खोल सकता है खाता?
यह योजना खासतौर पर 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए है। अगर किसी ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है तो 55 से 60 साल के बीच भी खाता खुल सकता है। रक्षा सेवाओं से रिटायर लोग 50 साल की उम्र के बाद भी इसमें निवेश कर सकते हैं। खाता 5 साल के लिए होता है और जरूरत पड़ने पर इसे 3 साल और बढ़ाया जा सकता है।
कैसे बनेंगे हर महीने 17,000 रुपये?
मान लीजिए आपने 25 लाख रुपये इस योजना में लगाए। 8.2 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से सालाना लगभग 2.05 लाख रुपये मिलेंगे। हर तीन महीने में करीब 51,250 रुपये और महीने के हिसाब से लगभग 17,000 रुपये से ज्यादा की आमदनी बनती है। यानी बिना किसी जोखिम के रिटायरमेंट के बाद नियमित और पक्की कमाई का भरोसा।