Powerful Explosion in an Agartala Apartment: त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में गुरुवार देर रात एक अपार्टमेंट में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। संकट चौमुहानी स्थित एनएस अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर हुए विस्फोट में कई लोग घायल हो गए, जबकि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और फायर सर्विस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।
पहली मंजिल पर हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, विस्फोट अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में हुआ। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आसपास के कई इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट से इमारत की कई खिड़कियां चकनाचूर हो गईं, दीवारों में दरारें आ गईं और परिसर में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।
कई लोग घायल, महिला की हालत गंभीर
हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। एक महिला की आंख के पास कांच का टुकड़ा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत जीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहली मंजिल पर मौजूद एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी देखेंःIndian Weather Report: उत्तर भारत में दस्तक देने को तैयार मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
गैस रिसाव समेत कई पहलुओं की जांच
धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। कुछ स्थानीय लोगों ने गैस रिसाव की आशंका जताई है, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ता घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
देर रात पहुंचीं जांच एजेंसियां
अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे धमाके की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। एसडीपीओ देबा प्रसाद रॉय ने बताया कि पहली मंजिल पर हुए विस्फोट के बाद सभी संबंधित एजेंसियों को जांच के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि धमाका किस वजह से हुआ।