साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबलों में भारतीय गेंदबाजों की खूब आलोचना हुई थी। लेकिन जैसे ही तीसरे निर्णायक मैच में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, माहौल बदला हुआ दिखा। पहले ही ओवर में विकेट गिरने के बावजूद साउथ अफ्रीका ने तेज शुरुआत की, जिसका सबसे बड़ा कारण थे क्विंटन डिकॉक, जिन्होंने तूफानी शतक जड़ा। इस बीच प्रसिद्ध कृष्णा को एक बार फिर शुरुआती ओवरों में रन लुटाने पड़े, जिससे आलोचना और बढ़ी। लेकिन असली कहानी 29वें ओवर से शुरू हुई।
प्रसिद्ध कृष्णा ने 6 गेंदों में पलट दी तस्वीर
मैच जैसे हाथ से फिसलता दिख रहा था, तभी प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल दिखाया। पारी के 29वें ओवर में उन्होंने पहले मैथ्यू ब्रीत्जकी को आउट किया और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर एडन मार्करम को चलता कर दिया। पिछले मैच में शतक लगाने वाले मार्करम का इस तरह आउट होना भारत के लिए बड़ा मोड़ साबित हुआ। इसके बाद 33वें ओवर में प्रसिद्ध ने डिकॉक को क्लीन बोल्ड कर उस तूफान का अंत कर दिया, जिसने भारत पर दबाव बढ़ा रखा था। ये स्पैल दिखाता है कि क्यों प्रसिद्ध को टीम मैनेजमेंट ने लगातार मौके दिए।
कुलदीप यादव का जादू, फिर 6 गेंदों में दो बड़े विकेट
प्रसिद्ध ने जो 29वें ओवर में किया, ठीक वही कमाल कुलदीप यादव ने 39वें ओवर में कर दिखाया। उन्होंने महज तीन गेंदों के भीतर डेवाल्ड ब्रेविस और मार्को यानसन को आउट कर साउथ अफ्रीका की कमर ही तोड़ दी। इसके बाद 43वें ओवर में कुलदीप ने कॉर्बिन बॉश को भी पवेलियन भेजकर बड़े स्कोर की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं। कुलदीप ने 10 ओवर में सिर्फ 41 रन देकर 4 विकेट लिए और विशाखापत्तनम में 10+ विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए। अब इस मैदान पर उनके सिर्फ 5 पारियों में कुल 13 विकेट हैं.
इसे भी पढ़ें : Bihar में 1 करोड़ युवाओं के लिए मास्टर प्लान तैयार, Shah की रणनीति और सम्राट की प्लानिंग से राजनीति गरम, Nitish क्यों हुए अचानक एक्टिव ?
साउथ अफ्रीका 270 पर ऑल आउट
जैसे शुरुआत प्रसिद्ध ने तोड़ी थी, अंत भी उन्हीं के हाथों हुआ। 48वें ओवर में उन्होंने केशव महाराज को बोल्ड कर साउथ अफ्रीका को 270 पर ऑल आउट कर दिया। भले ही उनके ओवर महंगे साबित हुए, लेकिन 9.5 ओवर में 4 विकेट लेना मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना। इनके अलावा जडेजा और अर्शदीप ने भी एक-एक विकेट लिया। कुल मिलाकर भारतीय गेंदबाजी ने तीसरे मैच में वही जवाब दिया जिसकी टीम को तलाश थी, और सीरीज का मोमेंटम भारत की ओर खींच लिया।