
प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ इलाके में बुधवार की रात एक बड़ा एनकाउंटर हुआ. झारखंड का कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह जोकि कई हत्याओं का आरोपी था, एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) के साथ मुठभेड़ में मारा गया है. सूचना मिली थी कि आशीष अपने एक साथी के साथ शंकरगढ़ इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहा है. STF की प्रयागराज यूनिट तुरंत अलर्ट हो गई और इंस्पेक्टर जेपी राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की.
जब टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आशीष ने AK-47 और 9MM पिस्टल से गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में आशीष को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें : कैश कांड में जस्टिस यशवंत वर्मा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, याचिका खारिज
कौन था आशीष?
आशीष झारखंड के धनबाद के जेसी मालिक रोड का रहने वाला था. वह कई हत्याओं और अन्य संगीन अपराधों का वांछित था. वह अक्सर अपने साथ एके-47 जैसे खतरनाक हथियार लेकर चलता था. उसके पास से एक AK-47 राइफल,9MM पिस्टल,कई खोखे और जिंदा कारतूस,एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
मुठभेड़ में बाल बाल बचे पुलिसकर्मी
इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर जेपी राय और उनकी टीम के अन्य सदस्य जैसे सिपाही प्रभंजन पांडेय और रोहित बाल-बाल बच गए. STF की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.