पुणे के लोहागढ़ किले पर कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत को पहले हादसा माना गया था। कहा गया कि फोटो खींचते समय उनका पैर फिसला और वे खाई में गिर गए। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले जिन्होंने पूरी कहानी बदल दी। अब पुलिस इसे कथित हत्या और साजिश का मामला मानकर जांच कर रही है। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।
33 डिग्री में हुडी ने बढ़ाया शक
जांच के दौरान टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में केतन और सिया साथ जाते दिखाई दिए। उनके कुछ दूरी पीछे एक युवक शॉर्ट्स और हुडी में नजर आया। उस दिन तापमान करीब 33 डिग्री था लेकिन युवक ने चेहरा ढंक रखा था। उसके सिर पर हेडसेट भी था। पुलिस को इतनी गर्मी में इस तरह खुद को छिपाने की कोशिश संदिग्ध लगी।
सिया के मुड़ते ही नीचे बैठ गया युवक
एक दूसरे सीसीटीवी वीडियो ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। फुटेज में दिखा कि जैसे ही सिया पीछे मुड़कर देखती है हुडी पहना युवक तुरंत नीचे बैठ जाता है। ऐसा लग रहा था कि वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए युवक की पहचान चेतन चौधरी के रूप में की। इसके बाद मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ी।
ये भी पढ़ें : ईरानी तेल का रास्ता खुला तो भारत को बड़ी राहत, क्या सस्ता होगा Petrol-Diesel और किचन का बजट?
कॉल रिकॉर्ड से सामने आया संपर्क
पुलिस ने सिया और चेतन के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड जांची। जांच में दोनों के बीच लंबे समय से लगातार बातचीत होने की बात सामने आई। पुलिस को हजारों कॉल और कई घंटों की बातचीत का रिकॉर्ड मिला। इससे दोनों के बीच करीबी संबंध होने का शक मजबूत हुआ। जांच एजेंसियां अब चैट रिकॉर्ड लोकेशन और डिजिटल सबूतों की भी पड़ताल कर रही हैं ताकि पूरी साजिश का क्रम साफ हो सके।
टिकट नहीं लिया और पहचान छिपाई
किले के गेटकीपर के मुताबिक चेतन ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और लंबी बाजू वाले स्पोर्ट्स कपड़े पहने थे। टिकट मांगे जाने पर उसने कहा कि वह ऊपर सिर्फ एक्सरसाइज करने जा रहा है। उसने 25 रुपये का टिकट लेने से भी इनकार कर दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह बिना टिकट किले के अंदर कैसे पहुंचा और क्या उसने पहले से कोई रास्ता तय कर रखा था।
पहले भी हुई थी कथित कोशिश
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि सिया पहले केतन को लोहागढ़ किले ले जाने की कोशिश कर चुकी थी। परिवार के अनुसार 14 जून को भी वह केतन को वहां लेकर गई थी। आरोप है कि उस दिन भी उसे खाई की ओर धकेलने की कोशिश हुई लेकिन वह बच गया। कुछ दिन बाद 18 जून को केतन की मौत हो गई। पुलिस अब सभी आरोपों की जांच कर रही है और अंतिम सच अदालत में पेश होने वाले सबूतों से तय होगा।