Putin made Shahbaz Sharif: तुर्कमेनिस्तान में आयोजित इंटरनेशनल फोरम फॉर पीस एंड ट्रस्ट के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बड़ी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। रिपोर्ट्स के अनुसार, शरीफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए करीब 40 मिनट तक इंतजार करते रहे, लेकिन पुतिन वहां पहुंचे ही नहीं। बैठक के लिए दो कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें एक पर शहबाज बैठे दिखाई दिए और दूसरी खाली रही। इंतजार के दौरान उनके चेहरे पर थकान और मायूसी साफ झलक रही थी। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार और बाकी अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे। जब समय बीतता गया और पुतिन नहीं आए, तो माहौल और ज्यादा असहज हो गया।
बिना बुलावे एर्दोगन-पुतिन बैठक में पहुंचे
लंबे इंतजार के बाद शहबाज शरीफ उस कमरे में चले गए, जहां पुतिन तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन के साथ बैठक कर रहे थे। यह कदम उनकी बेचैनी और असहज स्थिति को दर्शाता है। हालांकि, कमरे में प्रवेश करने के बावजूद उन्हें पुतिन से मुलाकात का मौका नहीं मिला। करीब 10 मिनट बाद शहबाज शरीफ वापस बाहर आ गए, जबकि कमरे के अंदर पुतिन और एर्दोगन अपनी बातचीत में व्यस्त रहे। बाहर आते समय शहबाज काफी निराश दिखे, वहीं बाद में पुतिन मुस्कुराते हुए मीटिंग रूम से बाहर निकले।
यह भी देखेंःSwami Ramdev said: स्वामी रामदेव बोले—राजनीति में नहीं, लेकिन करोड़ों वोटों पर असर मेरी ताकत
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं जब पुतिन और शहबाज शरीफ के बीच मुलाकात को लेकर ऐसी असहज स्थिति सामने आई हो। इससे पहले एससीओ बैठक में भी शहबाज ने पुतिन से हाथ मिलाने की कोशिश की थी, लेकिन पुतिन उन्हें देख नहीं पाए थे और आगे बढ़ गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने यह औपचारिकता पूरी की थी। पुतिन हाल ही में भारत दौरे पर आए थे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव किया था। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर शहबाज शरीफ की किरकिरी के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं और पाकिस्तान की कूटनीतिक छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं।