QR ID is required: आने वाले चुनाव नतीजों से पहले चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब काउंटिंग सेंटर्स पर एंट्री के लिए QR-बेस्ड फोटो आईडी सिस्टम लागू किया गया है, जिससे बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश लगभग असंभव हो जाएगा। यह नई व्यवस्था 4 मई को होने वाली मतगणना के दौरान लागू की जा रही है।
तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
चुनाव आयोग ने काउंटिंग सेंटर पर तीन-लेवल का सिक्योरिटी सिस्टम तैयार किया है। पहले और दूसरे स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी फोटो आईडी कार्ड की मैन्युअल जांच होगी। वहीं तीसरे और सबसे अहम स्तर पर QR कोड स्कैनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश मिलेगा। इस प्रक्रिया से सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
किन लोगों को मिलेगा QR ID कार्ड
यह QR-बेस्ड आईडी कार्ड केवल अधिकृत लोगों को ही जारी किया जाएगा। इसमें रिटर्निंग ऑफिसर, असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर, काउंटिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और काउंटिंग एजेंट शामिल हैं। हर व्यक्ति की पहचान डिजिटल तरीके से सत्यापित की जाएगी, जिससे फर्जी एंट्री की संभावना खत्म हो जाएगी।
यह भी देखेंःBengal Elections: बंगाल चुनाव में सस्पेंस बरकरार, एग्जिट पोल पर उठे सवाल
मीडिया के लिए अलग व्यवस्था
मीडिया कर्मियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें आयोग द्वारा जारी अथॉरिटी लेटर के आधार पर एंट्री मिलेगी। साथ ही हर काउंटिंग सेंटर पर मीडिया सेंटर बनाया जाएगा, ताकि कवरेज में कोई बाधा न आए और सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे।
देशभर में लागू करने की तैयारी
असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में इस सिस्टम को लागू किया जा रहा है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में लोकसभा और सभी विधानसभा चुनावों में इसे अपनाया जाएगा। चुनाव आयोग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारू तरीके से संपन्न हो सके।