Patna University Question Paper Viral: देशभर में जारी पेपर लीक विवाद के बीच अब पटना यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार को पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हुई। परीक्षा के दौरान एक छात्र पर परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने और प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एलएलबी प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन हरकत में आया।
आरोपी छात्र फरार
आरोप है कि परीक्षा केंद्र के अंदर एक छात्र मोबाइल फोन लेकर गया था, जिसने प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर उसे वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त परीक्षा केंद्र में लगा जैमर बंद था। सूचना मिलने के तुरंत बाद जैमर को चालू कराया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जिस छात्र पर फोटो खींचकर वायरल करने का शक है, वह परीक्षा केंद्र से फरार हो गया है।
यह भी पढ़ें: AIIMS Nursing Counselling 2026: एम्स नर्सिंग दाखिले के लिए चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू, जानें कैसे चुनें मनपसंद कॉलेज
यूनिवर्सिटी ने क्या बोला
पटना यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बी.के लाल ने दोपहर 12:02 बजे पेपर वायरल होने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि परीक्षा केंद्र पर कुछ छात्र मोबाइल फोन लेकर पहुंचे थे। सूचना मिलने के बाद छात्रों के मोबाइल फोन की जांच की गई, लेकिन किसी भी मोबाइल में वायरल प्रश्नपत्र नहीं मिला। प्रशासन का कहना है कि प्रश्नपत्र बाहर जरूर गया, लेकिन उसका जवाब परीक्षा केंद्र के अदर नहीं आ पाया, इसलिए परीक्षा की निष्पक्षता पर कोई असर नहीं पड़ा है।
आगे की कार्रवाई
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी और प्रशासनि कार्रवाई की जाएगी।