आम आदमी पार्टी में राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। यह सिर्फ एक पद परिवर्तन नहीं बल्कि बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने साफ कर दिया कि जो नेता पार्टी लाइन से अलग चलेंगे, उनके लिए जगह सीमित है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि 2022 में पंजाब जीत के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे राघव को अचानक किनारे कर दिया गया।
क्या प्रस्ताव पर साइन न करना बना टर्निंग पॉइंट?
सूत्रों के मुताबिक पूरा विवाद उस प्रस्ताव से शुरू हुआ जिस पर राघव चड्ढा ने साइन करने से इनकार कर दिया था। यह प्रस्ताव चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर था, जहां पार्टी चाहती थी कि सभी सांसद एकजुट होकर विरोध दर्ज करें। लेकिन राघव के इस फैसले ने पार्टी नेतृत्व को असहज कर दिया। यही कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की बड़ी वजह माना जा रहा है, जिसने उनके सियासी सफर को नया मोड़ दे दिया।
क्या कार्यशैली और मुद्दों ने बढ़ाई दूरी?
पार्टी के कुछ नेताओं का आरोप है कि राघव चड्ढा संसद में ऐसे मुद्दे उठा रहे थे जो आम जनता से जुड़े तो थे, लेकिन पार्टी के राजनीतिक एजेंडे से मेल नहीं खाते थे। हवाई अड्डों पर महंगा खाना, डिलीवरी कर्मियों की समस्या और टेलीकॉम सेवाओं से जुड़े मुद्दे उन्होंने जोर-शोर से उठाए। इससे जनता में चर्चा जरूर बनी, लेकिन पार्टी को लगा कि इससे उसका मुख्य राजनीतिक संदेश कमजोर पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Tragic Accident in Nashik: नासिक में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरी कार से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
क्या आगे नई राजनीतिक पारी की तैयारी?
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि राघव चड्ढा आगे क्या कदम उठाएंगे। क्या वह पार्टी में बने रहेंगे या फिर कोई नया राजनीतिक रास्ता चुनेंगे। उन्होंने खुद कहा है कि उनकी खामोशी को हार न समझा जाए। इस बयान ने सियासत में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। फिलहाल यह मामला सिर्फ अंदरूनी अनुशासन का है या इसके पीछे कोई बड़ी रणनीति, इसका जवाब आने वाले समय में ही साफ होगा।