Tragic Accident in Nashik: महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में छह मासूम बच्चों की भी जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
रात में लौटते समय हुआ हादसा
यह हादसा डिंडोरी इलाके के शिवाजी नगर में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। परिवार के सभी सदस्य एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
लेकिन नहीं बच सकी जानें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दो क्रेन और तैराकों की मदद से आधी रात तक कार को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
यह भी देखेंःTragic Accident in Nashik: नासिक में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरी कार से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
एक ही परिवार के थे सभी मृतक
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक डिंडोरी तालुका के इंदोरे गांव निवासी दरगुड़े परिवार के सदस्य थे। मृतकों में 32 वर्षीय सुनील दरगुड़े, उनकी पत्नी, अन्य परिजन और छह बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिनमें पांच लड़कियां और एक लड़का शामिल है।
जांच जारी
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर कार के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।