सरकार की कोशिशों के बावजूद रेलवे से सफर करने वाले आम लोग आज भी कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल होता जा रहा है और वेटिंग लिस्ट आम बात बन चुकी है। यात्रियों की उम्मीद है कि बजट 2026 में ऐसा प्रावधान हो जिससे सस्ती दरों पर कन्फर्म टिकट मिल सके और भीड़भाड़ से राहत मिले। आम आदमी चाहता है कि रेलवे सिर्फ खास लोगों के लिए नहीं, बल्कि हर वर्ग के लिए बेहतर बने।
प्रीमियम ट्रेनों से पहले जरूरी बुनियादी सुधार
पिछले कुछ सालों में रेलवे ने कई प्रीमियम ट्रेनें शुरू की हैं, लेकिन ट्रैक और बुनियादी ढांचे की हालत अब भी चिंता का विषय है। कई जगहों पर ट्रैक कमजोर होने के कारण ट्रेनें अपनी पूरी रफ्तार से नहीं चल पातीं। यात्रियों का मानना है कि नई ट्रेनें लाने से पहले ट्रैक, सिग्नल सिस्टम और सुरक्षा पर ज्यादा खर्च होना चाहिए, ताकि सफर तेज और सुरक्षित हो सके।
लोकल और सामान्य ट्रेनों की अनदेखी
रेलवे से लोगों की एक बड़ी शिकायत यह भी है कि ध्यान सिर्फ प्रीमियम ट्रेनों पर दिया जा रहा है। लोकल और मेल एक्सप्रेस ट्रेनें अक्सर देरी से चलती हैं। रोज सफर करने वाले यात्रियों के लिए समय की पाबंदी सबसे बड़ी जरूरत है। बजट से उम्मीद की जा रही है कि लोकल और पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़े और उन्हें समय पर चलाने के लिए ठोस योजना बने।
ये भी पढ़ें : चांदी क्यों बन गई निवेशकों की पहली पसंद, एक साल में दाम 4 गुना कैसे पहुंचे
सफाई और सुविधाओं पर सवाल
ट्रेनों और स्टेशनों की सफाई आज भी बड़ी समस्या है। गंदे डिब्बे, खराब टॉयलेट और पानी की कमी यात्रियों को परेशान करती है। खाने-पीने की गुणवत्ता को लेकर भी लगातार शिकायतें आती रहती हैं। इसके अलावा बोतलबंद पानी और अन्य सामान एमआरपी से ज्यादा दाम पर बेचे जाने की शिकायतें भी आम हैं। बजट 2026 में यात्रियों को उम्मीद है कि इन समस्याओं पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षा अब भी सबसे बड़ी चिंता
यात्रियों के साथ चोरी, जेबकतरी और कभी-कभार होने वाली ट्रेन टक्कर जैसी घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। आम आदमी चाहता है कि स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो। सीसीटीवी, बेहतर निगरानी और समय पर रखरखाव से इन घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
रिफॉर्म ईयर में क्या बदलेगा रेलवे
रेल मंत्री ने 2026 को रेलवे के लिए सुधार का साल बताया है और हर हफ्ते एक सुधार की बात कही है। लेकिन जानकारों का मानना है कि सुधार तभी सफल होंगे जब आम आदमी की जेब और जरूरतों को केंद्र में रखा जाएगा। प्रीमियम सुविधाएं जरूरी हैं, लेकिन रेलवे की असली पहचान आज भी आम यात्रियों से है। बजट 2026 से उम्मीद है कि रेलवे फिर से आम आदमी के भरोसे का सफर बनेगा।