
Heavy Rain IMD Alert: देशभर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर अति भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
उत्तर भारत में बारिश बनेगी आफत का कारण
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। यह बारिश 5 से 10 अगस्त के बीच हो सकती है और इससे भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदियों का जलस्तर बढ़ने जैसी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, झारखंड और मध्य भारत के कई इलाकों में भी भारी से अति भारी बारिश के आसार हैं।
यह भी देखेंःउत्तरकाशी में बादल फटने से तबाही: कई होटल बहे, लोग लापता, रेस्क्यू में जुटा प्रशासन
दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश
केरल, तमिलनाडु, माहे, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में भी आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। खासकर 5 से 8 अगस्त के दौरान इन इलाकों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे समुद्री क्षेत्रों और तटीय इलाकों में चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा, जिसमें असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। IMD ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।