आईपीएल 2026 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा धमाका हुआ है। राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को रिकॉर्ड कीमत में बेच दिया गया है, जिससे यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील बन गई है। अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी ने इस टीम को 1.63 अरब डॉलर यानी करीब 15,300 करोड़ रुपये में खरीदा है।
रिकॉर्ड तोड़ सौदा
यह डील आईपीएल की अब तक की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी डील मानी जा रही है। इससे पहले गुजरात टाइटन्स में हिस्सेदारी की बिक्री करीब ₹5,025 करोड़ में हुई थी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स की यह डील उससे कई गुना बड़ी है। इस सौदे ने आईपीएल टीमों की वैल्यूएशन को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
कौन हैं नए मालिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, काल सोमानी को इस डील में वॉलमार्ट परिवार के रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार का समर्थन मिला है। इस वजह से यह सौदा और भी बड़ा और मजबूत माना जा रहा है। यह अधिग्रहण आईपीएल 2026 सीजन के बाद प्रभावी होगा।
पहले किसके पास थी हिस्सेदारी
राजस्थान रॉयल्स की ज्यादातर हिस्सेदारी अब तक मनोज बादले के पास इमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के जरिए थी, जिनके पास करीब 65% हिस्सेदारी थी। इसके अलावा रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स और लाचलान मर्डोक जैसे बड़े निवेशक भी टीम से जुड़े हुए थे।
इसे भी पढ़ें : IPL 2026 में नए नियमों की एंट्री, जर्सी से लेकर परिवार तक बदले नियम जानिए क्या-क्या बदला
काफी समय से चल रही थी तैयारी
इस डील की प्रक्रिया पिछले साल के अंत से ही शुरू हो गई थी। निवेश बैंक द रेन ग्रुप इस सौदे में सलाहकार की भूमिका निभा रहा था। पहले भी रिपोर्ट्स में संकेत मिल चुके थे कि सोमानी ग्रुप इस फ्रेंचाइजी को खरीद सकता है, जो अब सच साबित हुआ।
आईपीएल की बढ़ती ताकत
इस सौदे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आईपीएल दुनिया की सबसे मूल्यवान क्रिकेट लीग बन चुकी है। लगातार बढ़ती वैल्यूएशन और बड़े निवेशकों की दिलचस्पी इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में भी इस लीग की आर्थिक ताकत और बढ़ने वाली है।