Rajpal Yadav: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव की जमानत याचिका पर आज दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की तमाम दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया है। इस जमानत याचिका मामले में अब दिल्ली हाई कोर्ट 16 फरवरी को सुनवाई करेगा। इससे पहले कोर्ट ने राजपाल यादव से कहा कि हमने आपको कई मौके दिए। साथ ही कोर्ट ने दूसरे पक्ष से भी जमानत याचिका पर जवाब मांगा है।
मुवक्किल से संपर्क करने की कोशिश की
राजपाल यादव के वकील ने बताया कि उन्होंने अपने मुवक्किल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। उन्होंने अदालत को सूचित किया कि जमानत याचिका दायर कर दी गई है और अनुरोध किया कि दूसरे पक्ष को जवाब दिया जाए, साथ ही मामले को सोमवार तक के लिए स्थगित करने का सुझाव दिया। उन्होंने आगे कहा कि वे तब तक और दलीलें तैयार करके आ जाएंगे।
आपने अपना वादा पूरा नहीं किया
दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव से कहा, ‘आप जेल इसलिए गए हैं क्योंकि आपने अपना वादा पूरा नहीं किया।’ कोर्ट का कहना है कि राजपाल यादव को कम से कम दो दर्जन से ज्यादा मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। राजपाल यादव ने परिवार में शादी का हवाला देते हुए बेल मांगी थी।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि 2010 में उन्होंने अपनी निर्देशित फिल्म "अता पता लापता" बनाने के लिए एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के कारण लोन नहीं चुका पाए, ब्याज के साथ रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ हो गई। कोर्ट ने उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई और हाल ही में (5 फरवरी 2026 को) उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
किसने कितनी मदद की
आपको बता दें कि एक्टर सोनू सूद ने कहा कि राजपाल उनकी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे। वहीं, एक्टर गुरमीत चौधरी ने भी कहा कि वह हर तरह से उनकी मदद करेंगे। बॉलीवुड के अलावा पॉलिटिशियन तेज प्रताप यादव ने ₹11 लाख की मदद की है। इसके अलावा म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह ने एक्टर को अपना कर्ज चुकाने और जमानत दिलाने में मदद के लिए 1.11 करोड़ रुपये देने की पेशकश की है। इस सूची में कमाल आर खान यानी केआरके का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने 10 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया।