Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन का त्योहार इस बार 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास से जुड़े इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु व खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। इसके बदले भाई भी बहन की रक्षा और हर सुख-दुख में उसका साथ देने का संकल्प लेते हैं। रक्षाबंधन से जुड़ी एक खास परंपरा कई घरों में देखने को मिलती है। कुछ भक्त भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को भी राखी अर्पित करते हैं। श्रद्धालु उन्हें भाई का स्वरूप मानकर राखी बांधते हैं और परिवार की खुशहाली व अपनी रक्षा की प्रार्थना करते हैं। अगर आप भी इस रक्षाबंधन पर लड्डू गोपाल को राखी बांधने की तैयारी कर रहे हैं, तो पूजा की विधि जान लेना जरूरी है।
लड्डू गोपाल को राखी बांधने से पहले क्या करें?
ज्योतिषाचार्य डॉ. गौरव कुमार दीक्षित के अनुसार, सबसे पहले लड्डू गोपाल की पूजा के लिए स्थान को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद भगवान के बाल स्वरूप को स्नान कराया जाता है। इसके लिए जल के साथ दूध, दही, शहद और पंचामृत का इस्तेमाल किया जा सकता है। स्नान कराने के बाद साफ जल से भगवान को दोबारा स्नान कराएं। फिर उन्हें स्वच्छ वस्त्र पहनाएं। चाहें तो इस अवसर के लिए लड्डू गोपाल के लिए नए वस्त्र भी रख सकते हैं। अब उन्हें साफ चौकी या आसन पर विराजमान करें। पूजा स्थल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। इसके बाद भगवान को चंदन का तिलक लगाएं और रोली-अक्षत अर्पित करें।
पूजा के बाद इस कलाई पर बांधें राखी
लड्डू गोपाल को तैयार करने के बाद उनके सामने दीपक जलाएं और श्रद्धा के साथ पूजा करें। इसके बाद उनकी दाहिनी कलाई पर राखी बांधें। हालांकि, छोटे आकार के लड्डू गोपाल की प्रतिमा में कलाई पर राखी बांधना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में उनकी बांसुरी पर भी राखी बांधी जा सकती है। राखी बांधते समय भगवान श्रीकृष्ण से परिवार में सुख-शांति बनाए रखने और सभी की रक्षा करने की प्रार्थना करें। इसके बाद लड्डू गोपाल को अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग लगाएं और अंत में आरती करें।
यह भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन पर कैसे बांधें भाई को राखी? दिशा से लेकर मंत्र तक जानें पूरी विधि
कौन बांध सकता है लड्डू गोपाल को राखी?
लड्डू गोपाल को राखी बांधने के लिए किसी खास रिश्ते की बाध्यता नहीं मानी जाती। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, महिलाएं उन्हें भाई का भाव देकर राखी अर्पित कर सकती हैं। इस दौरान श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण से अपने और परिवार के मंगल की कामना की जाती है। धार्मिक मान्यता में भाव और श्रद्धा को विशेष महत्व दिया जाता है। इसलिए लड्डू गोपाल को राखी बांधते समय मन में प्रेम और विश्वास रखते हुए भगवान से सुख, शांति और सुरक्षा की प्रार्थना करना शुभ माना जाता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. loksatya इसकी पुष्टि नहीं करता है।