Rakhi Speed Post : अगर आप इस रक्षाबंधन अपने भाई को डाक से राखी भेजने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब देरी की चिंता करने की जरूरत नहीं है। डाक विभाग ने रक्षाबंधन को देखते हुए खास इंतजाम किए हैं। विभाग का दावा है कि तय समय के भीतर राखी पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं, अगर स्पीड पोस्ट सेवा में तय समय से डिलीवरी नहीं होती, तो ग्राहकों को 'मनी बैक गारंटी' का लाभ भी मिलेगा।
दिल्ली में बनाए गए विशेष राखी काउंटर
डाक विभाग ने दिल्ली सर्किल के 34 प्रमुख डाकघरों के अलावा दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष राखी काउंटर शुरू किए हैं। इन काउंटरों पर राखी और जरूरी पार्सलों की बुकिंग की जा रही है, ताकि त्योहार से पहले समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सके।
22 अगस्त तक भेजें राखी
इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए डाक विभाग ने 22 अगस्त तक राखी की बुकिंग और भेजने की विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि आखिरी समय का इंतजार न करें और समय रहते अपनी राखी स्पीड पोस्ट से भेज दें।
ये भी पढ़ें : Birth और Death Certificate बनवाने के नियम बदले, अब देरी करने पर कोर्ट तक जाना पड़ सकता है
6 बड़े शहरों में मिलेगी तेज डिलीवरी
डाक विभाग की 24 स्पीड पोस्ट सेवा के जरिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे छह प्रमुख महानगरों में तेजी से डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा 48 स्पीड पोस्ट सेवा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे दूसरे शहरों तक भी समय पर पार्सल पहुंचाया जा सके।
कहां कर सकते हैं बुकिंग?
राखी भेजने के लिए अशोक विहार, नई दिल्ली जीपीओ, दिल्ली जीपीओ, चाणक्यपुरी, सिविल लाइंस, करोल बाग, जनकपुरी, आर.के. पुरम, कृष्णा नगर, पटेल नगर, पश्चिम विहार, हौज खास समेत कई प्रमुख डाकघरों में विशेष काउंटर बनाए गए हैं। वहीं स्पीड पोस्ट की बुकिंग कई अन्य डाकघरों और ई-कॉमर्स केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
समय पर भेजें, परेशानी से बचें
डाक विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान पार्सलों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में समय रहते राखी भेजने पर ही तय समय में डिलीवरी सुनिश्चित हो सकेगी। अगर स्पीड पोस्ट सेवा के बावजूद निर्धारित समय में पार्सल नहीं पहुंचता, तो विभाग की मनी बैक गारंटी के तहत ग्राहकों को निर्धारित नियमों के अनुसार राशि वापस दी जाएगी।