Ram Mandir Case: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में आरोपों की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी अनुरोध किया गया है।
दो वकीलों ने दायर की जनहित याचिका
यह जनहित याचिका अधिवक्ता अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव द्वारा दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और ट्रस्ट को पारदर्शी निगरानी एवं ऑडिट व्यवस्था विकसित करने के निर्देश देने की भी मांग की है।
समयबद्ध और पारदर्शी जांच की मांग
याचिका में कहा गया है कि सीबीआई-एसआईटी को निश्चित समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दान की राशि में किसी प्रकार की हेराफेरी, गबन या भ्रष्टाचार हुआ है या नहीं। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि मामले की निष्पक्ष जांच से श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहेगा और सभी तथ्यों को सार्वजनिक रूप से सामने लाया जा सकेगा।
यह भी देखेंःLucknow fire Incident: लखनऊ अग्निकांड पर सख्त हुए सीएम योगी, SIT जांच के आदेश, सात दिन में मांगी रिपोर्ट
मौजूदा एसआईटी पर उठाए सवाल
याचिका में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित मौजूदा एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि बिना एफआईआर दर्ज किए जांच शुरू कर दी गई है, जबकि जटिल वित्तीय मामलों की जांच के लिए विशेष विशेषज्ञता और तकनीकी संसाधनों की आवश्यकता होती है। उनका दावा है कि प्रशासनिक अधिकारियों वाली मौजूदा जांच टीम के पास ऐसे मामलों को संभालने का पर्याप्त अनुभव नहीं हो सकता।
श्रद्धालुओं के भरोसे का दिया हवाला
याचिका में कहा गया है कि चाहे आरोप अंततः सही साबित हों या नहीं, लेकिन इस तरह की खबरों और आरोपों से लाखों श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए आवश्यक है कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो। याचिकाकर्ताओं का मानना है कि एक स्वतंत्र और विश्वसनीय जांच एजेंसी द्वारा की गई जांच से जनता का भरोसा मजबूत होगा और सभी संदेह दूर हो सकेंगे।