Ramayana: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। जहां रणबीर कपूर 'भगवान राम' और यश 'रावण' के अवतार में स्क्रीन पर आग लगाने को तैयार हैं, वहीं हाल ही में यश ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसने दर्शकों को चौंका दिया है। अगर आप रणबीर और यश को पहले ही भाग में एक-दूसरे के सामने टकराते हुए देखने की उम्मीद कर रहे थे, तो आपको थोड़ा इंतज़ार करना पड़ सकता है।
फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा
सिनेमाकॉन 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म के अभिनेता और सह-निर्माता यश ने बताया कि 'रामायण' के पहले भाग में रणबीर कपूर और वे एक साथ स्क्रीन साझा नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है।
एक साथ स्क्रीन पर नहीं आएंगे नजर
यश ने "दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के पहले हिस्से में हम दोनों कभी स्क्रीन पर एक साथ नहीं आए हैं। पहले भाग में रावण का अपना साम्राज्य (लंका) है और राम का अपना। कहानी दोनों के व्यक्तिगत सफर और उनके राज्यों पर केंद्रित है।" इस खुलासे से साफ है कि दर्शकों को राम और रावण के बीच के महायुद्ध और उनके आमने-सामने आने के दृश्यों के लिए दूसरे भाग का इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें: Tara Sutaria On Toxic: क्या 4 जून को नहीं आएगी यश की 'टॉक्सिक'? तारा सुतारिया ने रिलीज डेट को लेकर तोड़ी चुप्पी!
एक दूसरे के फैन हैं रणबीर और यश
भले ही पर्दे पर दोनों सितारे एक साथ न दिखें, लेकिन ऑफ-स्क्रीन उनके बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है। यश ने रणबीर कपूर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि "रणबीर एक शानदार अभिनेता हैं। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए हमारा साझा दृष्टिकोण और आपसी तालमेल ही सबसे बड़ी ताकत है।" वहीं रणबीर कपूर ने भी यश की तारीफ करते हुए कहा कि रावण के किरदार के लिए जिस 'ऑरा' और 'स्क्रीन प्रेजेंस' की जरूरत है, वह यश के अलावा किसी और में नहीं मिल सकती।
दोनों सितारों के अन्य प्रोजेक्ट्स
आपको बता दें कि रणबीर कपूर और यश दोनों ही अपने अन्य प्रोजक्ट्स में भी व्यस्त हैं। यश जल्द ही गीतू मोहनदास की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' में दिखाई देंगे, जिसकी रिलीज डेट अब 4 जून 2026 कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर रणबीर कपूर निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ विक्की कौशल और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे।