आज के समय में लाखों राशन कार्ड धारकों के सामने सबसे बड़ी समस्या यही है कि उनका कार्ड अचानक बंद या निष्क्रिय हो जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह ई-केवाईसी का पूरा न होना है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जिन लोगों ने अपने राशन कार्ड की केवाईसी नहीं कराई है या लंबे समय से राशन नहीं लिया है, उनके कार्ड को सस्पेंड या डिएक्टिवेट किया जा सकता है। ऐसे में सस्ते अनाज और अब फिर से शुरू होने वाली केरोसिन सप्लाई जैसी सुविधाएं भी रुक सकती हैं।
केरोसिन योजना से बढ़ी अहमियत
अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच सरकार ने फिर से मिट्टी के तेल यानी केरोसिन देने की योजना पर काम शुरू किया है। ऐसे में राशन कार्ड की अहमियत और भी बढ़ गई है। अगर आपका कार्ड एक्टिव नहीं है, तो आप इस सुविधा का लाभ नहीं ले पाएंगे।
घर बैठे ऐसे चेक करें स्टेटस
सबसे अच्छी बात यह है कि अब आपको राशन कार्ड का स्टेटस जानने या उसे एक्टिव कराने के लिए किसी सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ही अपने मोबाइल से यह काम कर सकते हैं। इसके लिए आपको UMANG App डाउनलोड करना होगा। ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें और एमपिन बनाकर लॉगिन करें। लॉगिन के बाद सर्च बार में ‘मेरा राशन’ या ‘PDS’ लिखें और अपने राज्य का चयन करें।
ये भी पढ़ें : 195 रुपये महंगा सिलेंडर, सरकार बोली बाजार तय करता है कीमतें
ऐसे करें राशन कार्ड एक्टिव
अगर आपका राशन कार्ड इनएक्टिव दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप उसी ऐप के जरिए उसे तुरंत एक्टिव कर सकते हैं। इसके लिए ‘Department of Food and Public Distribution’ सर्च करें। फिर ‘View Ration Card Details’ या ‘e-KYC’ विकल्प चुनें। अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करें और जिस सदस्य का केवाईसी करना है, उसका नाम चुनें। इसके बाद आधार नंबर डालें और OTP दर्ज करके सबमिट करें। प्रक्रिया पूरी होते ही आपको केवाईसी सफल होने का मैसेज मिल जाएगा।
छोटी गलती से बड़ा नुकसान
ध्यान रखें कि अगर आपने समय पर केवाईसी नहीं कराई, तो आप सरकारी अनाज, केरोसिन और अन्य सुविधाओं से वंचित हो सकते हैं। यह एक छोटी सी प्रक्रिया है, लेकिन इसका फायदा बहुत बड़ा है। इसलिए आज ही अपने मोबाइल से 2 मिनट निकालकर राशन कार्ड का स्टेटस चेक करें और जरूरत पड़े तो तुरंत उसे अपडेट करें।