देशभर के करोड़ों राशन कार्डधारकों के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) ने 'अन्न सहायता' (Anna Sahayata) डिजिटल हेल्पलाइन शुरू की है। अब राशन नहीं मिलने, कम राशन देने, कोटेदार की मनमानी या राशन कार्ड में सुधार जैसी शिकायतें सीधे WhatsApp के जरिए दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए विभाग ने आधिकारिक नंबर 9868200445 जारी किया है।
ऐसे करें शिकायत दर्ज
सबसे पहले अपने मोबाइल में 9868200445 नंबर सेव करें। इसके बाद WhatsApp पर Hi या Namaste लिखकर संदेश भेजें। चैटबॉट आपकी पसंद की भाषा चुनने का विकल्प देगा। फिर अपना राशन कार्ड नंबर और आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करें। इसके बाद अपनी समस्या चुनकर पूरी जानकारी भेज दें। शिकायत दर्ज होते ही आपको एक शिकायत पंजीकरण नंबर भी मिलेगा।
घर बैठे ट्रैक करें स्टेटस
शिकायत दर्ज होने के बाद मिले रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आप WhatsApp पर ही अपनी शिकायत की स्थिति जान सकते हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और शिकायत की निगरानी भी आसान होगी।
ये भी पढ़ें : Hormuz संकट पर भारत का Plan-B तैयार! अब इस रास्ते से आएगा कच्चा तेल
WhatsApp नहीं है तो ये विकल्प भी मौजूद
अगर कोई व्यक्ति WhatsApp का इस्तेमाल नहीं कर सकता, तो वह टोल फ्री 14457 पर कॉल कर IVRS के जरिए शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा 1967 और 180018002084 हेल्पलाइन नंबरों पर भी सीधे संपर्क किया जा सकता है। वहीं, मेरा राशन (Mera Ration) ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
राशन व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी
सरकार का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। डिजिटल शिकायत प्रणाली के जरिए लाभार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और राशन कार्डधारकों को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपनी शिकायत दर्ज कराने का आसान माध्यम मिलेगा।