पिछले कुछ समय से अलग-अलग डिजाइन वाले सिक्कों को लेकर देशभर में भ्रम तेजी से बढ़ गया है। कई जगह दुकानदारों और ग्राहकों के बीच पुराने और नए डिजाइन वाले सिक्के लेने से मना करने की घटनाएं सामने आईं। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के फॉरवर्ड वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि कुछ सिक्के अब मान्य नहीं रहे। बढ़ती अफवाहों के बीच आखिरकार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को सामने आकर स्पष्ट संदेश देना पड़ा। RBI ने साफ कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं देश में चल रहे सभी सिक्के पूरी तरह वैध हैं।
₹1 से ₹20 तक सभी सिक्के वैध
RBI ने दोहराया है कि 50 पैसे, 1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के सभी सिक्के चाहे उनका डिजाइन पुराना हो या नया पूरी तरह कानूनी मुद्रा हैं। समय-समय पर सिक्कों के डिजाइन सुरक्षा और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए बदले जाते हैं, इसलिए बाजार में एक ही मूल्य के कई प्रकार के सिक्के मौजूद रहते हैं। लेकिन इससे उनकी वैधता पर कोई असर नहीं पड़ता। किसी भी सिक्के को सिर्फ डिजाइन अलग होने के आधार पर ठुकराना गलत है और इससे अनावश्यक विवाद व भ्रम पैदा होता है।
ये भी पढ़ें : Sona BLW में बड़ा दांव, क्या EV मार्केटबनाएगा करोड़ों का मौका या बढ़ेगा जोखिम?
सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें
रिजर्व बैंक ने लोगों को चेताया है कि सिक्कों को लेकर फैल रही सोशल मीडिया अफवाहों पर भरोसा न करें। कई मैसेज में दावा किया जाता है कि कुछ सिक्के बंद हो चुके हैं, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। RBI ने कहा कि यदि कभी कोई सिक्का प्रचलन से बाहर किया जाएगा, तो वह स्वयं आधिकारिक नोटिस जारी करेगा। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे बिना जांच किए किसी फॉरवर्ड पर यकीन न करें और सिक्कों का इस्तेमाल सामान्य रूप से आगे भी करते रहें।
RBI की अपील: सिक्कों को न ठुकराएं, जागरूक बनें
RBI ने कहा कि भारत में सिक्कों का उपयोग लंबे समय तक होता है और अलग-अलग डिजाइन प्रचलन में बने रहते हैं। सभी सिक्कों का मूल्य समान है, इसलिए उन्हें लेन-देन में बिना संदेह स्वीकार किया जाना चाहिए। बैंक ने जनता और व्यापारियों दोनों से अपील की है कि वे सिक्कों को लेकर भ्रम न फैलाएं और न ही किसी सिक्के को लेने से इनकार करें। RBI का स्पष्ट संदेश है जानकार बनिए, सतर्क रहिए और सिक्कों को बेझिझक इस्तेमाल कीजिए।