आईपीएल 2026 में चेन्नई और बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि मैच के दौरान स्टेडियम में डीजे द्वारा ‘डोसा, इडली, सांभर, चटनी-चटनी’ गाना बजाया गया, जो चेन्नई टीम को सही समय पर बजाया गया नहीं लगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था और उसी दौरान यह घटना हुई।
सीएसके मैनेजमेंट का सख्त रुख
चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीधे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को शिकायत भेज दी है। टीम के प्रबंधन का मानना है कि यह गाना उनकी पारी से पहले बजाया गया, जिससे खिलाड़ियों पर असर पड़ सकता है। वहीं इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर कई मीम्स भी बन चुके हैं, लेकिन टीम इसे मजाक के तौर पर नहीं देख रही है।
सीईओ का बड़ा बयान और जांच शुरू
चेन्नई टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन ने साफ कहा कि आमतौर पर डीजे घरेलू टीम को सपोर्ट करते हैं, लेकिन इस मैच में कुछ टिप्पणियां खिलाड़ियों के खिलाफ महसूस हुईं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से बोर्ड को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की गई है। वहीं बोर्ड के एक अधिकारी ने भी पुष्टि की है कि शिकायत मिल चुकी है और इसकी जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
मैदान पर भी आरसीबी का दबदबा
अगर मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हरा दिया था। पिछले कुछ सीजन में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है, जिसे आईपीएल का ‘सदर्न डर्बी’ भी कहा जाता है। हालांकि हेड टू हेड रिकॉर्ड में चेन्नई आगे है, लेकिन हाल के मुकाबलों में बेंगलुरु ने मजबूत प्रदर्शन किया है।
इसे भी पढ़ें : 19 अप्रैल को बनेगा इतिहास या टूटेगा सपना, Vaibhav के सामने बड़ा मौका
सीजन में चेन्नई की वापसी जारी
आईपीएल 2026 में चेन्नई की शुरुआत कमजोर रही थी और टीम को शुरुआती तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए लगातार दो मुकाबले जीते हैं। इस सीजन चेन्नई ने अपने सभी मैच महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में खेले हैं, जिसका असर प्रदर्शन पर भी पड़ा है। फिलहाल 4 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में 8वें स्थान पर बनी हुई है और आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।