आईपीएल 2026 में 19 अप्रैल का दिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए बेहद अहम होने वाला है। राजस्थान और कोलकाता के बीच होने वाले मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी तय करेगी कि वो नया इतिहास रच पाएंगे या नहीं। इस मैच में उनके सामने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बनने का सुनहरा मौका है। अगर वो सफल हुए तो भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
रिकॉर्ड से बस एक कदम दूर
इस समय टी20 में सबसे तेज 1000 रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड देवदत्त पडिक्कल के नाम है, जिन्होंने 25 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 23 पारियों में 901 रन बना लिए हैं। यानी कोलकाता के खिलाफ होने वाली उनकी 24वीं पारी में अगर वे 99 रन बना लेते हैं, तो वह नया रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं और भारत के नंबर 1 बल्लेबाज बन जाएंगे।
पिछले मैच की गलती नहीं दोहराना चाहेंगे
वैभव के पास पिछले मुकाबले में भी यह मौका था, जब वह दुनिया में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज की बराबरी कर सकते थे। लेकिन उस मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए और शून्य पर आउट हो गए। अब 19 अप्रैल का मैच उनके लिए वापसी का सबसे बड़ा मौका बन गया है, जहां वे अपनी पिछली गलती को सुधारना चाहेंगे और खुद को साबित करने की कोशिश करेंगे।
ऑरेंज कैप की भी बड़ी चुनौती
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के सामने सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि ऑरेंज कैप की भी चुनौती होगी। उन्होंने अब तक 5 पारियों में 200 रन बनाए हैं, जबकि ऑरेंज कैप फिलहाल विराट कोहली के पास है, जिनके नाम 228 रन हैं। ऐसे में अगर वैभव बड़ा स्कोर करते हैं, तो वह एक ही मैच में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण और परिसीमन पर संसद में जोरदार बहस, पक्ष-विपक्ष आमने-सामने
सबकी नजरें एक ही खिलाड़ी पर
ईडन गार्डन्स में होने वाला यह मुकाबला अब सिर्फ एक मैच नहीं रह गया है, बल्कि एक युवा खिलाड़ी के करियर का बड़ा मोड़ बन गया है। वैभव सूर्यवंशी के पास खुद को साबित करने और इतिहास में नाम दर्ज कराने का सुनहरा मौका है। अब देखना यह होगा कि वह दबाव में टूटते हैं या फिर इतिहास रचकर भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा दे देते हैं।