WPL 2026 का अंत ठीक उसी अंदाज में हुआ, जैसे इसकी शुरुआत हुई थी। सीजन के पहले मैच में भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी ओवर में जीत दर्ज की थी और फाइनल में भी कहानी कुछ ऐसी ही रही। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फाइनल मुकाबले में RCB ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में RCB सबसे संतुलित और आत्मविश्वास से भरी टीम नजर आई, जिसका इनाम उसे चैंपियन बनकर मिला।
फाइनल में चमकी कप्तान स्मृति मंधाना
RCB की जीत की सबसे बड़ी वजह कप्तान स्मृति मंधाना रहीं। फाइनल में उन्होंने 41 गेंदों पर 87 रन की शानदार पारी खेली, जो WPL इतिहास के फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। दबाव के सबसे बड़े मुकाबले में मंधाना ने जिस तरह से पारी को संभाला और तेज रन बनाए, उसने दिल्ली की गेंदबाजी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। कप्तान के तौर पर उनका यह प्रदर्शन RCB की जीत की नींव बन गया।
ऑरेंज कैप भी मंधाना के नाम
फाइनल की इस पारी के साथ ही स्मृति मंधाना ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीत ली। WPL 2026 में उन्होंने 9 पारियों में कुल 377 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे। इस दौरान उनके बल्ले से 57 चौके और 9 छक्के निकले। पूरे सीजन में वह RCB की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहीं और हर बड़े मैच में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पर्पल कैप और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
गेंदबाजी के मोर्चे पर सबसे ज्यादा चमक गुजरात जायंट्स की ओर से खेल रहीं सोफी डिवाइन ने बिखेरी। उन्होंने 9 पारियों में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। इतना ही नहीं, उन्होंने बल्ले से भी 243 रन बनाए, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। पूरे सीजन में डिवाइन ने ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
इसे भी पढ़ें : Delhi फिर फिसली, RCB ने रचा इतिहास, WPL-IPL दोनों की बादशाहत एक साथ, Smriti Mandhana की कप्तानी में बेंगलुरु का सुनहरा दौर
RCB की गेंदबाजी और मुंबई की ताकत
RCB की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल इस सीजन की सबसे किफायती गेंदबाज रहीं। उन्होंने 9 पारियों में सिर्फ 5.52 की इकॉनमी से रन दिए और 12 विकेट भी झटके। फाइनल में भी उनके 4 ओवर में सिर्फ 19 रन बेहद अहम साबित हुए। वहीं, भले ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ तक न पहुंच पाई हो, लेकिन उनकी कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 8 पारियों में 13 छक्के लगाकर सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बनाया और 342 रन के साथ रन लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहीं।
तूफानी बल्लेबाजी में भी RCB सबसे आगे
तेज स्ट्राइक रेट के मामले में भी RCB ने बाजी मारी। टीम की ओपनर ग्रेस हैरिस ने 178.19 के स्ट्राइक रेट से 237 रन बनाए, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे तेज बल्लेबाजी रही। उन्होंने 38 चौके और 8 छक्के लगाकर गेंदबाजों की जमकर खबर ली। कुल मिलाकर WPL 2026 में रिकॉर्ड, रोमांच और खिताब तीनों पर RCB की छाप साफ नजर आई।