Ram Mandir Bharti 2026: प्रभु श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य राम मंदिर में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए सुनहरा मौका है। राम मंदिर का प्रबंधन संभालने वाले 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भर्ती निकाली है। ट्रस्ट ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'X' (ट्विटर) पर इसका आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती में आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 जुलाई तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। किसी खास विषय की अनिवार्यता नहीं है। अनुभव की बात करें, तो किसी बड़े सरकारी विभाग, सार्वजनिक संगठन या कंपनी में प्रबंधकीय पद पर काम करने का कम से कम 20 साल का अनुभव होना जरूरी है। यह अनुभव प्रशासन, फाइनेंस, अकाउंट्स, पीआर (PR), आईटी सिक्योरिटी या लीगल फील्ड का होना चाहिए। रिटायर्ड अधिकारी भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा और जरूरी योग्यताएं
आवेदक के पास हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की अच्छी समझ और ज्ञान होना जरूरी है। आवेदक का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य है (श्रीरामभक्त वैष्णव को प्राथमिकता दी जाएगी)। वहीं आयु सीमा की बात करें, तो आवेदक की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन कैसे करें ?
इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 जुलाई (शाम 4:00 बजे तक) निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों को अपना आवेदन और रेज्यूमे (CV) ईमेल के जरिए [email protected] पर भेजना होगा।
यह भी पढ़ें: Indian Navy Recruitment 2026: इंडियन नेवी में एसएससी ऑफिसर के पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
3 साल के लिए की जाएगा नियुक्ति
इस पद पर चुने गए उम्मीदवार की नियुक्ति शुरुआती दौर में 3 साल के लिए की जाएगी। बाद में उनके काम और प्रदर्शन को देखते हुए इस अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कितनी मिलेगी सैलरी
सैलरी की बात करें, तो इस पद के लिए सैलरी और सुविधाएं तय नहीं की गई हैं। योग्य उम्मीदवार के अनुभव के आधार पर आपसी बातचीत के जरिए वेतन तय किया जाएगा। सीईओ मंदिर के महामंत्री के प्रति जवाबदेह होंगे। इस पद पर जिम्मेदारी और दायित्व के बारे में भी नोटिफिकेशन में जानकारी दी गई है।
क्या होगी मुख्य जिम्मेदारियां
- मंदिर ट्रस्ट के सभी कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों की देखरेख करना।
- संस्था की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखना और जरूरत पड़ने पर स्थानीय, राज्य व केंद्र सरकार के साथ तालमेल बिठाना।
- राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ख्याल रखना।
- ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और संगठन को बेहतर ढंग से संचालित करना।