UPSSSC Vacancy: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौक़ा है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने महाधिवक्ता कार्यालय के कंप्यूटर संवर्ग में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के ज़रिए कुल 12 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख़ 28 सितंबर तय की गई है।
कैटेगरी वाइज़ पद
इस भर्ती अभियान के ज़रिए कुल 12 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इनमें सबसे ज्यादा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 11 पद हैं, वही सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का 1 पद है। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 11 पदों में 5 जनरल, 2 ओबीसी, 1 ईडब्ल्यूएस और 3 एससी है। एसटी के लिए कोई पद नहीं है, वहीं सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का एक पद जनरल कैटेगरी में है।
पीईटी अनिवार्य
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का UPSSSC पीईटी 2026 परीक्षा में शामिल होना और उसका स्कोर कार्ड प्राप्त होना जरूरी है। आयोग पीईटी 2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर उम्मीदवार को कंप्यूटर ऑपरेटर की मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्ट लिस्ट करेगा।अगर किसी उम्मीदवार का पीईटी 2025 में नॉर्मलाइज्ड स्कोर जीरो या नेगेटिव है, तो उन्हें इस मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।
क्या चाहिए योग्यता
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा होना चाहिए। इसके साथ ही कंप्यूटर एप्लीकेशन के क्षेत्र में कम से कम 3 साल का एक्सपीरियंस भी मांगा गया है। वहीं सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के एक पद के लिए भी उम्मीदवार के पास के मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Bank Of India Jobs: बैंक ऑफ इंडिया में स्पेशलिस्ट ऑफ़िसर के पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
कितनी मिलेगी सैलरी
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 25,500 से 83,100 रुपये सैलरी मिलेगी। वहीं सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर को 19,900 से 63,200 रुपये मिलेगा। बेसिक वेतन के अलावा पदों के अनुसार मिलने वाले वेतन भत्ते और सुविधाएं भी लागू होगी।