UP Lekhpal Bharti 2025: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व लेखपाल के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए 7 हजार से ज्यादा पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
फॉर्म भरने की अंतिम तारीख
आपको बता दें कि इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 जनवरी 2026 तय की गई है. अगर आवेदन में किसी तरह की गलती हो जाती है, तो 4 फरवरी 2026 तक संशोधन किया जा सकेगा।
इतने पदों पर होगी भर्ती
बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 7,994 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इनमें अलग-अलग वर्गों के लिए पद तय किए गए हैं। अनारक्षित वर्ग के लिए 4,165 पद, अनुसूचित जाति के लिए 1,446 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 150 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1,441 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 792 पद, महिला उम्मीदवारों के लिए 1,592 पद, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 391 पद, उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 152 पद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए 152 पद तय किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: UP Police Vacancy 2025: यूपी पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर निकली बंपर भर्ती, इस लिंक से करें आवेदन
शैक्षणिक योग्यता
आयोग साफ कर चुका है कि अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग पीईटी 2025 के स्कोर के आधार पर ही की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को पीईटी में शून्य या नकारात्मक अंक मिले हैं, उन्हें शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। साथ ही इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना जरूरी है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
वहीं आयु सीमा की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं आवेदन शुल्क की बात की जाए, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।