Finance Ministry Recruitment: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। दरअसल, वित्त मंत्रालय ने कॉन्ट्रैक्ट आधार पर यंग प्रोफेशनल, सलाहकार और वरिष्ठ सलाहकार पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के जरिए कुल 57 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार mofapp.nic.in/cadre/ वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 27 दिसंबर 2025, शाम 5 बजे तक है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आपको बता दें कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास अर्थशास्त्र, वित्त, आईटी में मास्टर डिग्री, एमबीए (फाइनेंस) या एलएलएम की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं आयु सीमा की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 30 साल तय की गई है।
यह भी पढ़ें: AIIMS Recruitment 2025: एम्स में सीनियर रेजिडेंट के पदों पर निकली भर्ती, हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी
कितनी मिलेगी सैलरी
यंग प्रोफेशनल के पदों के लिए फ्रेशर और कम अनुभव वाले भी आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर सलेक्ट होने वाले उम्मीदवारों को 70,000 रुपये प्रति माह सैलरी मिलेगी। वहीं, सलाहकार के लिए 3 से 5 साल का अनुभव चाहिए, इस पद पर चयनित उम्मीदवार को 1,00,000 रुपये सैलरी दी जाएगी। जबति सीनियर सलाहकार के लिए 5 से 9 साल का अनुभव जरूरी है। इस पद पर चयनित उम्मीदवार को 1,20,000 रुपये सैलरी दी जाएगी। तो वहीं स्पेशल कार्यभार सलाहकार के लिए प्रोजेक्ट आधारित अनुभव होना चाहिए,इन पदों पर 1.5 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन दिया जाएगा।
पहले नियुक्ति 1 साल के लिए होगी
बता दें कि इन पदों पर शुरुआत में नियुक्ति 1 साल के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है। किसी एक पद पर 3 साल और विभाग में कुल 5 साल से ज्यादा काम नहीं किया जा सकेगा। चयनित उम्मीदवारों को महंगाई भत्ता (DA), मकान भत्ता (HRA) या मेडिकल सुविधा नहीं मिलेगी।