
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पूरे देश में देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया जाता है. इस दिन प्रधानमंत्री लाल किले से तिरंगा फहराते हैं और हजारों लोग इस ऐतिहासिक क्षण को देखने पहुंचते हैं. लेकिन इस दिन दिल्ली में सुरक्षा बेहद सख्त रहती है, इसलिए अगर आप कार्यक्रम में शामिल होने की सोच रहे हैं, तो कुछ नियम और सावधानियां ज़रूर जान लें.
1. पहचान पत्र साथ रखें
लाल किले में प्रवेश के लिए आपके पास वैध फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है. आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट में से कोई भी दस्तावेज़ साथ रखें. बिना आईडी कार्ड के एंट्री नहीं मिलेगी.
2. किन चीजों को लेकर न जाएं
तेज़धार वस्तुएं, पटाखे, माचिस, लाइटर, ड्रोन, सेल्फी स्टिक, बैग में भारी सामान या कोई भी संदिग्ध वस्तु ले जाना मना है. सुरक्षा जांच के दौरान ऐसे सामान जब्त किए जा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर पुलिस कार्रवाई भी हो सकती है.
ये भी पढ़ें : बिजनौर में पुल न बनने से बीमार की मौत, जिंदगी और मौत के बीच तड़पता रहा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
3. समय से पहले पहुंचें
कार्यक्रम सुबह जल्दी शुरू होता है, इसलिए घर से समय पर निकलें. ट्रैफिक जाम और सुरक्षा जांच में समय लग सकता है. देर से पहुंचने पर प्रवेश में मुश्किल आ सकती है.
4. ट्रैफिक और पार्किंग नियम समझें
दिल्ली में 15 अगस्त के दिन कई रूट बंद कर दिए जाते हैं. अगर आप अपनी गाड़ी से जा रहे हैं, तो पहले से रूट और पार्किंग की जानकारी लें. गलत जगह गाड़ी पार्क करने पर चालान कट सकता है.
5. सिर्फ ज़रूरी सामान ही रखें
भीड़ और सुरक्षा जांच को देखते हुए कोशिश करें कि सिर्फ जरूरी सामान साथ लें, ताकि आपको परेशानी न हो और कार्यक्रम का आनंद ले सकें.