GRAP-4 restrictions lifted: नए साल से ठीक पहले दिल्लीवासियों को प्रदूषण के मोर्चे पर कुछ राहत मिली है। वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद राजधानी में GRAP-4 के तहत लागू सख्त प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने यह फैसला मौसम की अनुकूल परिस्थितियों और प्रदूषण स्तर में आई गिरावट को देखते हुए लिया। हालांकि राहत के बावजूद प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि वायु गुणवत्ता दोबारा गंभीर स्तर तक न पहुंचे।
CAQM की GRAP उप-समिति ने 24 दिसंबर को हुई बैठक में दिल्ली-एनसीआर की मौजूदा हवा की स्थिति और मौसम एजेंसियों के पूर्वानुमानों की समीक्षा की। तेज हवाओं और बेहतर मौसम के चलते प्रदूषण में कमी दर्ज की गई है। इसी दिन दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 271 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है, लेकिन पहले के मुकाबले यह काफी बेहतर स्थिति मानी जा रही है। इसी आधार पर स्टेज-4 को वापस लेने का निर्णय लिया गया।
यह भी देखेंःAkhilesh Yadav: आरक्षण को लेकर सियासी टकराव, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला
हालांकि आयोग ने चेताया है कि आने वाले दिनों में हवाओं की रफ्तार कम हो सकती है, जिससे प्रदूषण फिर बढ़ने का खतरा बना रहेगा। इसी वजह से GRAP के अन्य चरणों के तहत लागू नियमों को सख्ती से जारी रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को कहा गया है कि वे हालात बिगड़ने से पहले ही आवश्यक कदम उठाएं।
ग्रेप-3 लागू, नियमों में सख्ती
GRAP-4 हटने के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में GRAP-3 समेत स्टेज-1 और स्टेज-2 के सभी प्रावधान लागू रहेंगे। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ जैसे नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। निर्माण कार्य, वाहनों और औद्योगिक गतिविधियों पर पहले से तय पाबंदियां जारी रहेंगी।
नागरिकों से अपील, सतर्कता जरूरी
आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे GRAP के तहत जारी नागरिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग, खुले में कचरा जलाने से परहेज और निजी वाहनों के सीमित इस्तेमाल जैसे कदम बेहद जरूरी बताए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जनता के सहयोग से ही दिल्ली की हवा को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।