26 जनवरी का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक होता है। इसी दिन देश ने संविधान अपनाया और गणराज्य बना। हर साल दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य गणतंत्र दिवस परेड आयोजित होती है, जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेशी मेहमान शामिल होते हैं। आम जनता के लिए भी परेड देखना एक यादगार अनुभव होता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी होती है। ऐसे में नियमों की जानकारी न होने पर दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
परेड देखने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
अगर आप 26 जनवरी की परेड देखने जा रहे हैं तो पहले से तैयारी करना जरूरी है। सबसे अहम है वैध टिकट। इसके बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाता। साथ ही किसी एक सरकारी फोटो पहचान पत्र को जरूर साथ रखें, जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड। ये दस्तावेज सुरक्षा जांच के दौरान मांगे जाते हैं और इनके बिना एंट्री में दिक्कत हो सकती है।
इन चीजों को साथ ले जाना है जरूरी
परेड देखने जाते समय कम और जरूरी सामान ही रखें। टिकट और पहचान पत्र के अलावा मोबाइल फोन, जरूरी दवाइयां और एक छोटी पानी की बोतल ले जाई जा सकती है। कोशिश करें कि छोटा बैग ही साथ रखें, क्योंकि ज्यादा सामान होने पर जांच में समय लगता है और भीड़ में परेशानी बढ़ती है।
ये भी पढ़ें : Trump के Tariff एलान से हिली दुनिया की बाजारें, Asia से भारत तक शेयर बाजार में मचा हड़कंप
इन चीजों पर पूरी तरह रोक
सुरक्षा कारणों से कई सामान पर सख्त पाबंदी होती है। चाकू, कैंची, ब्लेड, नेलकटर जैसी नुकीली चीजें बिल्कुल न ले जाएं। इसके अलावा सिगरेट, गुटखा, तंबाकू या शराब ले जाना भी मना है। माचिस, लाइटर या कोई भी ज्वलनशील वस्तु साथ रखने पर गेट पर ही रोक दिया जा सकता है। बड़े बैग, खाने-पीने का सामान, ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरा और रिकॉर्डिंग डिवाइस ले जाने की भी अनुमति नहीं होती।
चेकिंग के दौरान किन बातों का रखें ध्यान
परेड स्थल पर पहुंचने के बाद सिर्फ तय किए गए एंट्री और एग्जिट गेट का ही इस्तेमाल करें। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने से बचें। बहुत ज्यादा जेब वाले या कई परतों वाले कपड़े पहनने से भी बचें, क्योंकि इससे जांच में देरी होती है।
नियम मानेंगे तो अनुभव बनेगा यादगार
गणतंत्र दिवस परेड देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय कार्यक्रम होता है। यहां हर नियम सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं। अगर दर्शक पहले से नियमों की जानकारी रखेंगे और उनका पालन करेंगे, तो बिना किसी परेशानी के इस ऐतिहासिक पल का आनंद ले सकेंगे। थोड़ी सी सावधानी आपका 26 जनवरी का अनुभव खास और यादगार बना सकती है।