
नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों ने 85 वर्षीय बुज़ुर्ग मरीज की 437 ग्राम वजनी प्रोस्टेट को रोबोट की मदद से सफलतापूर्वक हटाकर चिकित्सा विज्ञान में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह राज्य में अब तक की सबसे बड़ी रोबोटिक प्रोस्टेट सर्जरी मानी जा रही है।
मरीज को पिछले दो दशकों से पेशाब से जुड़ी गंभीर समस्याएं थीं। छह महीने पहले उसकी हालत और बिगड़ गई थी, जिसके चलते वह कैथेटर पर निर्भर हो गया था। जांच के बाद उसे बेनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) नामक बीमारी का पता चला — जो कैंसर रहित लेकिन बेहद तकलीफदेह स्थिति होती है। प्रोस्टेट का आकार सामान्य से कई गुना बड़ा था, जिससे पारंपरिक सर्जरी जोखिम भरी हो सकती थी।
ये भी पढ़ें : Kannauj में दिखा ऐसा नजारा, सोशल मीडिया पर हो गया वायरल, फिल्मी सीन से कम नहीं है !
फोर्टिस अस्पताल के यूरोलॉजी और किडनी ट्रांसप्लांट विभाग के निदेशक डॉ. पीयूष वार्ष्णेय के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने अत्याधुनिक डा विंची सर्जिकल रोबोट की मदद से रोबोटिक सर्जरी की। यह तकनीक हाई-डेफिनिशन 3D विज़ुअलाइज़ेशन और सटीक उपकरणों के ज़रिए आसपास के अंगों को सुरक्षित रखते हुए बेहद बारीकी से ऑपरेशन करने की सुविधा देती है।
सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज को केवल 48 घंटों में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉ. वार्ष्णेय ने बताया कि यह सर्जरी न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण थी, बल्कि यह रोबोटिक प्रोस्टेटेक्टोमी के क्षेत्र में एक गेम-चेंजर साबित हुई है। इससे मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और जल्दी रिकवरी का लाभ मिलता है।