Rohit Sharma TV Debut : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके रोहित शर्मा अब क्रिकेट मैदान के साथ-साथ टीवी स्क्रीन पर भी नजर आने वाले हैं। रोहित जल्द ही एक पारिवारिक मनोरंजन कार्यक्रम की मेजबानी करते दिखाई देंगे। उनके इस नए कदम के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि क्या रोहित अब धीरे-धीरे क्रिकेट से दूरी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
क्या संन्यास की ओर बढ़ रहे हैं रोहित?
रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। फिलहाल वह सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं और भारतीय टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं। ऐसे में टीवी शो की मेजबानी को सीधे तौर पर संन्यास से जोड़कर देखना सही नहीं होगा। रोहित अभी भी 2027 वनडे विश्व कप को लेकर अपनी तैयारियों और योजनाओं पर ध्यान दे रहे हैं।
कौन सा शो करेंगे होस्ट?
रोहित शर्मा एक नए पारिवारिक मनोरंजन कार्यक्रम में बतौर होस्ट नजर आएंगे। कार्यक्रम का प्रसारण 19 सितंबर से शुरू होगा। शो के प्रचार वीडियो में रोहित का वही मजेदार अंदाज देखने को मिला है, जिसने क्रिकेट मैदान पर भी उन्हें खास पहचान दिलाई। माना जा रहा है कि कार्यक्रम में उनके क्रिकेट करियर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी देखने को मिल सकते हैं।
BCCI का नियम क्या कहता है?
रोहित के टीवी डेब्यू के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि क्या कोई सक्रिय क्रिकेटर टीवी शो होस्ट कर सकता है? इसका जवाब है—हां। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के नियमों में कहीं भी ऐसा प्रावधान नहीं है कि कोई सक्रिय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टीवी कार्यक्रम की मेजबानी नहीं कर सकता। यानी रोहित शर्मा क्रिकेट खेलते हुए भी टीवी शो होस्ट कर सकते हैं।
2027 विश्व कप पर टिकी हैं नजरें
रोहित शर्मा का सबसे बड़ा सपना भारत को एक और वनडे विश्व कप जिताना है। 2023 विश्व कप में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई। अब उनकी नजर 2027 विश्व कप पर है। हाल के महीनों में वनडे क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने भी दिखाया है कि वह अभी पूरी तरह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के लिए तैयार हैं।
इसे भी पढ़ें : BCCI कॉन्ट्रैक्ट गया, टीम इंडिया से हुए बाहर... फिर कप्तानी ने बदल दी Ishan Kishan की पूरी कहानी
क्रिकेट और मनोरंजन साथ-साथ
रोहित शर्मा फिलहाल क्रिकेट और मनोरंजन, दोनों क्षेत्रों में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वह एक ओर भारतीय टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी हैं तो दूसरी ओर टीवी की दुनिया में भी नई पहचान बनाने जा रहे हैं। इसलिए उनके टीवी शो को क्रिकेट से विदाई का संकेत मानना जल्दबाजी होगी। फिलहाल हिटमैन की नजरें मैदान पर भी हैं और टीवी स्क्रीन पर भी है.