सैफई में समाजवादी परिवार की इस भव्य शादी ने ऐसा माहौल बनाया कि सैफई से लखनऊ तक चर्चा फैल गई। अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव और लद्दाख की सेरिंग की शादी किसी रॉयल फिल्म सेट जैसी नजर आई। 600 फीट लंबे मंच, भारी भीड़ और चमकती रोशनी के बीच जब दूल्हा-दुल्हन मंच पर पहुंचे, अखिलेश और डिंपल की मुस्कान पूरे समारोह में खुशियों का रंग भरती दिखी। डिंपल यादव ने देवर-भाभी के रिश्ते को निभाते हुए हर रस्म में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे पंडाल का माहौल गर्मजोशी से भर दिया।
अपर्णा यादव की एंट्री सबसे ज्यादा वायरल
शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अपर्णा यादव की एंट्री ने बटोरी। जैसे ही अपर्णा और प्रतीक यादव मंच पर पहुंचे, उन्होंने अखिलेश यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग लगातार परिवार की एकजुटता की तारीफ करते दिखे। अपर्णा पूरे समारोह में मेहमानों से मिलती रहीं और उनकी मौजूदगी ने शादी के ग्लैमर में चार चांद लगा दिए। वहीं डिंपल यादव का डांस भी इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ, जहां वे बेटी अदिति के साथ डीजे की धुनों पर झूमती नजर आईं।
लद्दाख-यूपी की दो संस्कृतियों का खूबसूरत संगम
इस शादी की सबसे बड़ी खूबी रही दो अलग संस्कृतियों का संगम। एक तरफ सैफई की पारंपरिक झलक, तो दूसरी तरफ लद्दाख की पहचान समारोह में दिखी। दुल्हन सेरिंग का परिवार पारंपरिक लद्दाखी पोशाक में मंच पर उपस्थित था, जिसने शादी की शोभा बढ़ा दी। लाल जोड़े में सेरिंग और क्रीम शेरवानी में आर्यन की जोड़ी ने सभी का दिल जीत लिया। वरमाला से आशीर्वाद तक हर रस्म में दोनों परिवारों की संस्कृति का ऐसा मेल देखने को मिला, जो मेहमानों के लिए यादगार बन गया।
इसे भी पढ़ें : Delhi Trade Fair में Kashmir से Uttarakhand तक का जलवा, नहीं देखीं ये 5 चीजें तो होगा पछतावा
राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी
शादी में बड़े पैमाने पर नेताओं का जमावड़ा भी देखने को मिला। सपा सांसद अफजाल अंसारी, मोहिबुल्लाह नदवी और कई विधायक समारोह में पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की उपस्थिति ने बटोरी। अखिलेश यादव ने मंच पर उनका मुस्कुराकर स्वागत किया और अन्य मेहमानों से मिलवाया। समारोह की सजावट, व्यंजन और व्यवस्थाओं ने मेहमानों को प्रभावित किया और सैफई की यह शादी उत्तर भारत की सबसे चर्चित शादियों में शामिल हो गई।