
Bads of Bollywood controversy: आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के खिलाफ दाखिल मानहानि के मुकदमे में दिल्ली हाई कोर्ट को अपना जवाब सौंप दिया है। वानखेड़े ने दावा किया है कि वेब सीरीज़ ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में दिखाया गया एनसीबी अधिकारी का किरदार उनकी छवि से मिलता-जुलता है और जानबूझकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इस पात्र और उनके बीच चार प्रमुख समानताएं हैं — चेहरा और शरीर की बनावट, बोलने का अंदाज़, काम करने की शैली, और "सत्यमेव जयते" जैसे वाक्यांश का बार-बार इस्तेमाल। उन्होंने कहा कि यह वाक्य उन्होंने आर्यन खान केस के दौरान मीडिया से बात करते समय अक्सर कहा था, और सीरीज़ में इसे उपहास के रूप में दिखाना अस्वीकार्य है।
काल्पनिक होने का दावा झूठा
वानखेड़े ने अदालत में कहा कि सीरीज़ के निर्माताओं का यह कहना कि कहानी पूरी तरह काल्पनिक है, तथ्यहीन है। उनके अनुसार, खुद आर्यन खान ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि शो "कुछ हद तक असल घटनाओं से प्रेरित" है। यह बात साबित करती है कि रेड चिलीज का दावा गलत है। वानखेड़े ने आरोप लगाया कि यह शो किसी कलात्मक प्रस्तुति के बजाय एक व्यक्तिगत प्रतिशोध और संस्थागत बदले की भावना से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस शो की पटकथा और संवादों का लहजा उनकी पेशेवर ईमानदारी और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के इरादे से तैयार किया गया है।
यह भी देखेंःDularchand Yadav death: मोकामा में बदलता समीकरण, दुलारचंद यादव की मौत से फिर गर्माई बाहुबली राजनीति
पतली चमड़ी का आरोप खारिज
वानखेड़े ने कहा कि इस शो के प्रसारण के बाद से उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। उनकी पत्नी और बहन को सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और अभद्र संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने रेड चिलीज के इस तर्क को खारिज किया कि वह “पतली चमड़ी वाले अधिकारी” हैं, जो आलोचना नहीं झेल सकते। वानखेड़े ने कहा कि एक सरकारी अधिकारी के रूप में किसी को भी झूठे आरोपों और सार्वजनिक अपमान को चुपचाप सहने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने अदालत से अपील की कि यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उनके संवैधानिक अधिकारों और ईमानदार सेवा की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है।