महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि महामार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार की ट्रक से टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्य और ट्रक का चालक व क्लीनर शामिल हैं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल को शव निकालने के लिए कार को काटना पड़ा।
बेटी को कॉलेज छोड़कर लौट रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, वर्धा जिले के सालोड गांव का एक परिवार पुणे में अपनी बेटी का एमबीए में दाखिला कराने गया था। कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिवार वापस लौट रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार की जुड़वां बेटियों में से एक को पुणे में पढ़ाई के लिए छोड़ा गया था और दूसरी बेटी माता-पिता के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पहले से खड़े ट्रक से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, इथेनॉल से भरा एक ट्रक पहले हुई दुर्घटना के कारण हाईवे पर खड़ा था। ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा था। इसी दौरान पुणे से वर्धा की ओर आ रही कार तेज रफ्तार में ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। कार जलते हुए ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
ये भी पढ़ें : 30 जून को रिटायर रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, अब मिलेगा अतिरिक्त इंक्रीमेंट का लाभ
छह लोगों की मौके पर मौत
इस हादसे में कार चालक अंकुश राऊत, राजेश टिपले, जाह्नवी टिपले और सुषमा टिपले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक संजय कुमार और क्लीनर समरजीत पाल भी आग की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कार के हिस्सों को काटना पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और पहले से खड़े ट्रक से टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।