
भारतीय क्रिकेट के सबसे स्टाइलिश बल्लेबाज संजू सैमसन के करियर पर एक बार फिर काले बादल मंडरा रहे हैं. 2024 में जब उन्होंने पांच महीनों में तीन शतक ठोके थे, तब लगा था कि अब उनकी जगह टीम में पक्की हो गई है. गौतम गंभीर के आने के बाद उन्हें ओपनिंग का रोल मिला, और उन्होंने साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी टीमों के खिलाफ तूफानी पारियां खेलकर सबको प्रभावित किया लेकिन एशिया कप में जैसे ही शुभमन गिल को उपकप्तान बनाकर ओपनिंग दी गई, सैमसन को मिडिल ऑर्डर में धकेल दिया गया. फाइनल में टीम के तीन विकेट गिरने के बाद उन्होंने तिलक वर्मा के साथ अहम साझेदारी की, लेकिन फिर भी टीम मैनेजमेंट ने उनकी भूमिका सीमित रखी और बस, यहीं से संजू का दुर्भाग्य एक बार फिर शुरू हो गया.
जुरेल ने अभी वनडे में नहीं किया डेब्यू
एशिया कप के बाद माना जा रहा था कि सैमसन को वनडे टीम में मौका मिलेगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए जब टीम घोषित हुई तो फैंस हैरान रह गए. मुख्य विकेटकीपर केएल राहुल और बैकअप के तौर पर ध्रुव जुरेल का नाम आया और सैमसन फिर गायब हो गए. यही नहीं, जुरेल ने अभी वनडे में डेब्यू तक नहीं किया, जबकि सैमसन 16 वनडे में 56 की औसत से 510 रन बना चुके हैं. फैंस सोशल मीडिया पर भड़क उठे है, फॉर्म में चल रहे सैमसन बाहर, और बिना डेब्यू वाला अंदर, ये कैसी सिलेक्शन पॉलिसी है? अब सवाल ये है कि आखिर टीम मैनेजमेंट सैमसन को लगातार क्यों नजरअंदाज कर रही है?
सैमसन की कहानी टैलेंट बनाम ट्रस्ट की
असल में सैमसन की कहानी टैलेंट बनाम ट्रस्ट की है. जब भी उन्हें भरोसा मिला, उन्होंने रन बनाए लेकिन फिर किसी नए खिलाड़ी को आगे कर दिया गया. धोनी के बाद विकेटकीपर स्लॉट पर कभी केएल राहुल, कभी ऋषभ पंत, और अब ध्रुव जुरेल जैसे नाम आते रहे, पर कोई भी लंबे वक्त तक स्थिर नहीं रह पाया. वहीं सैमसन को बार-बार खुद को साबित करने की जंग लड़नी पड़ी. IPL में वो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान हैं, 4700 से ज्यादा रन बना चुके हैं, पर टीम इंडिया में उनका भविष्य हर सीजन के बाद अधर में लटक जाता है.
इसे भी पढ़ें : Preity Zinta और Shreyas Iyer को लगा झटका, टीम के सबसे 'खास' ने दिया इस्तीफा, फैंस हो गए परेशान !
अब सवाल बड़ा है कि आगे क्या होगा?
अब सवाल बड़ा है कि आगे क्या होगा? अगले साल भारत में टी-20 वर्ल्ड कप है, और सैमसन को टीम में तो जगह मिल सकती है, लेकिन ओपनिंग की सीट शायद वापस न मिले. उन्हें अब मिडिल ऑर्डर या फिनिशर की भूमिका में खुद को जमाना होगा. अगर वे 2-3 मैचों में फ्लॉप रहे, तो शायद एक और हार्टब्रेक फैंस को देखने को मिले लेकिन अगर सैमसन ने इस मुश्किल वक्त को अवसर में बदला तो 2026 वर्ल्ड कप उनका रिडेम्प्शन मोमेंट हो सकता है. फिलहाल इतना तय है जुरेल के आने से सैमसन पर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन फैंस अब भी कह रहे हैं संजू की बारी अभी खत्म नहीं हुई है