Sarfaraz Khan Return : भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान की टेस्ट टीम में वापसी हो गई है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद चयनकर्ताओं ने सरफराज को टीम में शामिल किया है। लंबे इंतजार के बाद मिली इस खबर ने सरफराज के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है और उन्होंने खास अंदाज में अपनी खुशी भी जाहिर की।
सोशल मीडिया पर शेयर की खास तस्वीर
टीम में चयन की घोषणा के तुरंत बाद सरफराज खान ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह टीम इंडिया की ट्रेनिंग किट पहने नजर आए। एक तस्वीर में उनके साथ उनके पिता और कोच नौशाद खान भी दिखाई दिए। क्रिकेट जगत में सरफराज की सफलता के पीछे उनके पिता की मेहनत और मार्गदर्शन को हमेशा अहम माना जाता रहा है।
पिता को दिया खास सम्मान
सरफराज की पोस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा उनके पिता के साथ साझा की गई तस्वीर की हो रही है। क्रिकेट के शुरुआती दिनों से लेकर टीम इंडिया तक के सफर में नौशाद खान लगातार उनके साथ खड़े रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया में वापसी के इस खास मौके पर पिता के साथ तस्वीर साझा करना उनके लिए भावनात्मक पल माना जा रहा है।
वायरल हुई पुरानी पोस्ट
टीम में वापसी से कुछ दिन पहले सरफराज ने सोशल मीडिया पर फिल्म ‘जर्सी’ से जुड़ी एक तस्वीर पोस्ट की थी। इसके साथ उन्होंने लिखा था कि शायद वह हर जगह फिट न बैठें, लेकिन पूरी ताकत के साथ लड़ते रहेंगे। अब टीम इंडिया में वापसी के बाद उनकी यह पोस्ट फिर से चर्चा में आ गई है और फैंस इसे उनकी मेहनत और धैर्य का प्रतीक बता रहे हैं।
आखिरी टेस्ट के बाद मिला मौका
सरफराज खान ने अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस सीरीज में उन्होंने शानदार शतक भी लगाया था, लेकिन इसके बावजूद वह टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सके। बाद में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम में शामिल होने के बावजूद उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
इसे भी पढ़ें : 79 विकेट लेने वाले ‘यादव शेर’ की कब तक होगी कुर्बानी? इंग्लैंड में बेंच, अब गॉल टेस्ट से पहले फिर उठे सवाल
घरेलू क्रिकेट में लगातार चमके
28 वर्षीय सरफराज खान का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। 62 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 64.73 की औसत से 5114 रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 16 अर्धशतक दर्ज हैं। हाल के समय में उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है। 2025-26 रणजी सीजन में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने 9 पारियों में 429 रन बनाए थे। अब श्रीलंका दौरे पर उनकी वापसी को नए मौके और नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।