Summer Vacation: देशभर में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इस जानलेवा गर्मी के बीच सबसे ज्यादा चिंता बच्चों को लेकर बढ़ गई है। यही वजह है कि कई राज्य सरकारों ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां या तो पहले कर दी हैं या फिर बढ़ा दी हैं।
स्कूलों को अलग से निर्देश भी दिए
बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्य सरकारों ने स्कूलों के लिए छुट्टी शेड्यूल जारी कर दिया है। कई राज्यों के शिक्षा विभागों ने स्कूलों को अलग से निर्देश भी दिए हैं। जिसमें सभी स्कूलों से कहा गया है कि जब तक छुट्टियां शुरू नहीं हो रही हैं, तब तक स्कूलों को सुबह की शिफ्ट में चलाने और आउटडोर एक्टिविटी बंद रखा जाएं।
दिल्ली और यूपी में छुट्टियां
देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते तापमान के कारण 11 मई से 1 जुलाई 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, यूपी में भी 20 मई से 15 जून 2026 तक स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई है। नोएडा और गाजियाबाद में छुट्टियों से पहले ही समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: RE-NEET UG 2026: नीट री-एग्जाम को लेकर हाई लेवल बैठक, शिक्षा मंत्री ने दिए फुल प्रूफ तैयारी के निर्देश
बिहार और राजस्थान में छुट्टियां
वहीं बिहार की बात करें, तो राज्य में जून के पहले हफ्ते से स्कूल बंद रहेंगे। बता दें, 1 जून से 20 जून से स्कूल बंद रहेंगे। राजस्थान में कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार होने के कारण 17 मई से 20 जून तक के लिए छुट्टियां लागू हैं।
हरियाणा और पंजाब में छुट्टियां
वहीं हरियाणा में 1 जून से 30 जून 2026 तक स्कूलों की छुट्टी रहेगी। हरियाणा सरकार ने सभी स्कूलों को इस शेड्यूल का सख्ती से पालन करने को कहा है। पंजाब की बात करें, तो यहां 25 मई से 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। छुट्टी के बाद 1 जुलाई से दोबारा क्लास शुरू होगी।
अन्य राज्यों में छुट्टियां
वहीं, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गर्मी की छुट्टियां 24 अप्रैल से ही शुरू कर दी गई थी, जो कि 11 जून 2026 तक चलेंगी। ओडिशा की बात करें, तो यहां भी 27 अप्रैल से ही स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया था। छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक स्कूल बंद हैं।