पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने 15 जुलाई को मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंकों से अधिक की तेजी के साथ 77,400 के ऊपर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 24,100 के स्तर को पार कर गया। बाजार में लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आया।
बैंकिंग और ऑटो सेक्टर ने दिखाई मजबूती
बाजार की तेजी में सबसे बड़ा योगदान बैंकिंग और वित्तीय सेवा कंपनियों का रहा। फाइनेंशियल सर्विसेज, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक, ऑटो, डिफेंस, मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में सबसे अधिक मजबूती दर्ज की गई, जबकि ऑटो और बैंकिंग शेयरों ने भी बाजार को मजबूत सहारा दिया। दूसरी ओर आईटी सेक्टर में दबाव बना रहा और प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो और एसबीआई के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और टाटा स्टील जैसे शेयर शुरुआती कारोबार में दबाव में रहे।
ये भी पढ़ें : Thalapathy Vijay सरकार का बिजली पर बड़ा दांव, 15 हजार करोड़ से बदलेगा तमिलनाडु, क्या खत्म होगी बिजली की परेशानी?
अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से बढ़ा भरोसा
विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आए महंगाई के राहत भरे आंकड़े रहे। जून में अमेरिकी खुदरा महंगाई दर घटने से वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। ऊर्जा कीमतों में नरमी के कारण महंगाई में कमी दर्ज की गई, जिसका सकारात्मक असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर दिखाई दिया। जापान, हांगकांग, दक्षिण कोरिया और अन्य एशियाई बाजारों में भी मजबूती रही, जबकि चीन का बाजार मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा।
घरेलू निवेशकों ने दिया बाजार को सहारा
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने हालिया कारोबारी सत्र में बाजार से शुद्ध निकासी की, लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बड़े पैमाने पर निवेश कर बाजार को मजबूती प्रदान की। विश्लेषकों का मानना है कि घरेलू निवेशकों की लगातार खरीदारी भारतीय शेयर बाजार को वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी स्थिर बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है।