September Rule Changes : 1 सितंबर से देशभर में कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। गैस सिलेंडर, सीएनजी-पीएनजी, हवाई यात्रा और कार खरीदने वालों के लिए नए महीने की शुरुआत नई चुनौतियां और राहत दोनों लेकर आ सकती है।
LPG सिलेंडर के नए दाम
हर महीने की तरह 1 सितंबर को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के नए रेट जारी करेंगी। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव है। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ था, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए थे। इस बार भी रसोई के बजट पर सभी की नजर रहेगी।
LPG e-KYC कराना जरूरी
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए e-KYC की समय सीमा 31 अगस्त तक तय की गई है। यदि निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो सब्सिडी, गैस आपूर्ति या कीमतों को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए लाखों उपभोक्ताओं के लिए यह काम समय रहते पूरा करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें : 20-25 रुपये का एक अंडा, क्या सर्दियों में टूट जाएगा महंगाई का नया रिकॉर्ड?
ATF, CNG और PNG के दाम बदल सकते हैं
महीने के पहले दिन एयर टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों की भी समीक्षा होती है। इसके साथ ही कई शहरों में CNG और PNG के नए रेट भी जारी किए जा सकते हैं। यदि कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो हवाई सफर और ईंधन खर्च दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
कार खरीदना हो सकता है महंगा
1 सितंबर से टाटा मोटर्स अपनी कई कारों और एसयूवी की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी ने मॉडल के अनुसार 25 हजार रुपये तक कीमत बढ़ाने की घोषणा की है। इसके अलावा हुंडई भी दाम बढ़ाने की तैयारी में है। ऐसे में नई कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।
एयरपोर्ट पर मिलेगा नया नियम
विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। रिपोर्ट्स के अनुसार अब इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री मोबाइल में मौजूद ई-बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंट कॉपी दिखाकर प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे एयरपोर्ट पर समय की बचत होने की उम्मीद है।