New Amrit Bharat Trains : भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए अलग-अलग रूटों पर 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इन सेवाओं से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के कई प्रमुख शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। अमृत भारत ट्रेनों का मकसद लंबी दूरी की यात्रा को किफायती किराए में सुविधाजनक बनाना है।
धनबाद से कोयंबटूर तक सफर
धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस झारखंड को दक्षिण भारत से जोड़ेगी। ट्रेन धनबाद से गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, सासाराम, प्रयागराज, कटनी, जबलपुर, नागपुर और विजयवाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए कोयंबटूर पहुंचेगी। यह सेवा धनबाद से शनिवार और कोयंबटूर से मंगलवार को चलने का प्रस्ताव है।
गोरखपुर को दो नई सौगात
चारलापल्ली-गोरखपुर और गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत एक्सप्रेस से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। चारलापल्ली वाली ट्रेन काजीपेट, नागपुर, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं गोरखपुर-बांद्रा ट्रेन कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और बोरीवली के रास्ते मुंबई क्षेत्र तक जाएगी।
ये भी पढ़ें : Blinkit, Zepto और Instamart पर बड़ी कार्रवाई, महाराष्ट्र में 14 फूड लाइसेंस सस्पेंड होने से मचा हड़कंप
दिल्ली और मुंबई का सफर
गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए दिल्ली आने-जाने का नया विकल्प देगी। इसका रूट बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद से होकर जाएगा। इसके अलावा सुबेदारगंज-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस प्रयागराज क्षेत्र को मुंबई से जोड़ेगी और रास्ते में कानपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और ठाणे जैसे स्टेशन आएंगे।
प्रयागराज से गुजरात महाराष्ट्र जुड़ेंगे
प्रयागराज से उधना और लोकमान्य तिलक के लिए भी दो अमृत भारत ट्रेनों को मंजूरी मिली है। प्रयागराज-उधना सेवा फतेहपुर, कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम और वडोदरा होते हुए गुजरात पहुंचेगी। वहीं प्रयागराज-लोकमान्य तिलक ट्रेन सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल के रास्ते महाराष्ट्र जाएगी। फिलहाल इन ट्रेनों के संचालन की शुरुआत नहीं हुई है। रेलवे की ओर से उद्घाटन और परिचालन की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।