Bomb Threat: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इस घटना के बाद इलाके में हंडकप मच गया है। धमकी भरे संदेश मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कई नामी स्कूलों को आए ईमेल
मिली जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने पुष्टि की है कि कई नामी स्कूलों को एक साथ ईमेल भेजे गए थे। इन संदेशों में दावा किया गया कि स्कूल परिसरों में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट किया जाएगा। ईमेल की भाषा में भारत को खालिस्तान बनाने जैसी भड़काऊ बातें लिखी गई थीं।
बच्चों को सुरक्षित भेजा गया घर
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्शन शुरू कर दिया गया है। वहीं स्कूल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए स्कूलों की छुट्टी कर दी है और बच्चों को सुरक्षित घर भेजना शुरू कर दिया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे स्कूल परिसर में तलाशी ले रही हैं। लेकिन अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: RRB JE Admit Card 2026: रेलवे जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, ऐसे कर सकेंगे डाउनलोड
ईमेल में क्या लिखा
गुजरात समाचार की ओर से साझा किए गए धमकी भरे ईमेल में वही भाषा लिखी है जो पिछले दिनों दिल्ली और अन्य स्कूलों में भेजे गए ईमेल में लिखी थी। इसमें लिखा है, "गुजरात बनेगा खालिस्तान। कार बम धमाका, अहमदाबाद-बड़ौदा के स्कूल बसों में। खालिस्तान सिखों के दुश्मन गुजराती मोदी-शाह निशाने पर हैं। कार बम धमाके के हथियार खालिस्तान के। पंजाब की आजादी तक, हिंदुस्तान के टुकड़े-टुकड़े।" बता दें, अहमदाबाद के कई स्कूलों को पिछले दिनों भी धमकी मिली थी।
साइबर टीम जांच में जुटी
पुलिस की साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि, ईमेल किस आईडी से भेजा गया और किस देश या लोकेशन से भेजा गया। वहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं। इसके साथ ही तकनीकी जांच में ईमेल के सर्वर और IP एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है।