सोशल मीडिया पर एक ही लाइन से रातोंरात स्टार बने शादाब जकाती अब गंभीर मुसीबत में फंस गए हैं। 10 रुपये वाला बिस्कुट कितने का है डायलॉग से वायरल हुए शादाब ने अपनी देसी भाषा, सादगी और मज़ेदार अंदाज से करोड़ों लोगों को हंसाया, लेकिन एक विवादित वीडियो ने उनका पूरा करियर हिला दिया। बच्ची और महिला के साथ बनाए गए वीडियो पर अश्लीलता का आरोप लगा और मामला सीधे राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक पहुंच गया। शिकायत मिलते ही यूपी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और शादाब को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल गई और लोग हैरान रह गए कि जो स्टार कल तक ट्रेंड में था, आज वही पुलिस की गिरफ्त में है।
गलत डायलॉग का इस्तेमाल
शादाब पर आरोप है कि वीडियो में गलत डायलॉग का इस्तेमाल हुआ और बच्ची को अनुचित तरीके से दिखाया गया। सोशल एक्टिविस्ट ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस बिना देर किए एक्शन में आ गई। हालांकि पूछताछ के बाद कोर्ट से शादाब को जमानत मिल गई, लेकिन मामला अभी भी जांच में है। शादाब की दलील है कि वीडियो में उनकी कोई गलत नीयत नहीं थी और बच्ची उनकी अपनी बेटी है। गिरफ्तारी के बाद शादाब ने विवादित वीडियो डिलीट किया और सार्वजनिक माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी को ठेस पहुंची है तो वे खेद व्यक्त करते हैं, लेकिन उनका इरादा किसी को आहत करने का नहीं था।
शादाब की कहानी बेहद दिलचस्प
मेरठ के इंचौली गांव के रहने वाले शादाब की कहानी बेहद दिलचस्प है। कभी सऊदी में मजदूरी करने वाला यह युवा टिकटॉक के छोटे-छोटे वीडियो से मशहूर हुआ। टिकटॉक बैन हुआ तो इंस्टाग्राम रील्स, फेसबुक और यूट्यूब शॉर्ट्स ने उसका करियर बदल दिया। कुछ ही महीनों में 7 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स, विदेशों तक पहुंचती उसकी रीलें और क्रिकेटरों तक उसके डायलॉग की नकल सबने शादाब को सोशल मीडिया का चमकता सितारा बना दिया। लेकिन जितनी तेजी से स्टारडम मिला, उतनी ही तेजी से विवाद भी आया और अब शादाब जांच और कानून के घेरे में है।
इसे भी पढ़ें : Kapil के कैफे पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, Lawrence-गोल्डी गैंग से जुड़े तार, बंधु मानसिंह खोलेगा अब गैंग के बड़े राज !
अश्लील कंटेंट के मामले में एक्शन
यूपी पुलिस का रुख साफ है बच्चों की सुरक्षा और अश्लील कंटेंट के मामलों को किसी भी कीमत पर हल्के में नहीं लिया जाएगा। इसलिए भले ही शादाब को बेल मिल गई हो, लेकिन खतरा टला नहीं है। पुलिस बच्चे के इस्तेमाल और वीडियो की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। सवाल ये है कि क्या शादाब अब फिर से अपने पुराने अंदाज में वीडियो बना पाएंगे या यह मामला उनके करियर के लिए बड़ा मोड़ साबित होगा। सोशल मीडिया की दुनिया में एक गलती कैसी बड़ी कीमत दिला सकती है, शादाब की कहानी इसकी सबसे ताजा मिसाल है।