Wi-Fi Router Right Way Uses: आज के डिजिटल दौर में इंटरनेट हमारी सुबह की शुरुआत से लेकर रात को सोने तक की हर जरूरत का हिस्सा बन चुका है। सुबह उठते ही मोबाइल पर मैसेज चेक करने से लेकर ऑनलाइन पढ़ाई, ऑफिस का काम, मनोरंजन और स्मार्ट डिवाइस को चलाने के लिए घरों में वाई-फाई राउटर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन अक्सर लोगों के मन में एक सवाल आता है कि क्या रात को सोने से पहले वाई-फाई राउटर बंद कर देना चाहिए या इसे 24 घंटे चालू रखना ही सही है?
क्या 24 घंटे चला सकते हैं राउटर?
आपको बता दें कि ज्यादातर वाई-फाई राउटर को इसी तरह डिजाइन किया जाता है कि वे बिना रुके दिन-रात लगातार काम कर सकें। कंपनियां इन्हें 24 घंटे इस्तेमाल को ध्यान में रखकर ही बनाती है। इसलिए अगर आपका राउटर हमेशा ऑन रहता है, तो घबराने की कोई बात नहीं है।
रात में राउटर बंद करने के नुकसान
वैसे तो हर रात राउटर बंद करना कोई बहुत बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाता है, लेकिन कई विशेषज्ञ का मानना है कि राउटर को बार-बार ऑन और ऑफ करने से उसके इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे लंबे समय में उसका हार्डवेयर खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। अगर आपका इंटरनेट सामान्य रूप से काम कर रहा है और कोई विशेष कारण नहीं है, तो उसे लगातार चालू रखना ज्यादा सही माना जाता है
यह भी पढ़ें: Realme New Launch: रियलमी ने भारत में लॉन्च किया 8000mAh बैटरी वाला दमदार फोन, जानें कीमत और फीचर्स
कितना पड़ता है बिजली बिल पर असर
कई लोग बिजली बचाने के चक्कर में रात को राउटर बंद कर देते हैं। लेकिन सच यह है कि राउटर बहुत कम बिजली की खपत करता है। एक सामान्य वाई- फाई राउटर लगभग 5 से 20 वाट तक बिजली खर्च करता है। अगर आप इसे पूरे महीने 24 घंटे भी चालू रखते हैं, तब भी आपके बिजली बिल में कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ेगा। रात में इसे बंद करने से जो बचत होगी, वह बेहद मामूली होगी। अगर आप कई दिनों के लिए छुट्टियों पर घर से बाहर जा रहे हैं, तो राउटर को जरूर बंद कर दें। इससे बिजली भी बचेगी और अचानक वोल्टेज कम-ज्यादा होने पर डिवाइस सुरक्षित भी रहेगा।
मिस हो सकते हैं जरूरी अपडेट्स
इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (ISP) अक्सर राउटर को सुरक्षित रखने, उसकी कमियों को ठीक करने और इंटरनेट स्पीड को बेहतर बनाने के लिए फर्मवेयर अपडेट जारी करते हैं। यह अपडेट अक्सर रात के समय भेजे जाते हैं। अगर आप रात में राउटर बंद कर देंगे, तो ये जरूरी अपडेट इंस्टॉल नहीं हो पाएंगे, जिससे बाद में आपको इंटरनेट चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।