.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D35dfeadd-bdc9-4f61-9f5f-ab4069920d23&w=3840&q=75)
Union Minister Kiren Rijiju: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संसद में लगातार हंगामे के चलते उन्हें बार-बार चिल्लाना पड़ा, जिससे उनका गला बैठ गया है। उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है और सवाल पूछना उन्हीं की जिम्मेदारी है। लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। रिजिजू ने कहा कि अगर संसद नहीं चलती तो इसका नुकसान विपक्ष को होगा, जबकि सरकार राष्ट्रहित में विधेयक पास कराती रहेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिना चर्चा के विधेयक पारित होना ठीक नहीं है, लेकिन जिम्मेदारी से भागने का खामियाजा विपक्ष को ही भुगतना पड़ेगा।
SIR और राज्यसभा सुरक्षा पर सफाई
SIR विवाद पर रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की हार के बाद उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूची में संशोधन की मांग की थी, लेकिन उनके आरोप गलत साबित हुए और अब वे खुद पीछे हट रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें नोट थमाकर बोला जाता है और वे मुद्दों से भटक जाते हैं। राज्यसभा में सीआईएसएफ जवानों की तैनाती को लेकर रिजिजू ने स्पष्ट किया कि सदन में केवल मार्शल होते हैं, न कि सेना या अर्धसैनिक बल। उन्होंने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि यह केवल भ्रम पैदा करने की रणनीति है।
यह भी देखेंःHeavy rain alert: यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कब और कहां बरसेगा आसमान
मानसून सत्र को बताया विपक्ष की नाकामी
केंद्रीय मंत्री ने मानसून सत्र को सरकार के दृष्टिकोण से सफल बताया लेकिन विपक्ष के लिए पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि कई ऐतिहासिक विधेयक पास हुए हैं, जिनका देश वर्षों से इंतजार कर रहा था। रिजिजू ने पीएम मोदी की पारदर्शिता और सख्ती की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने साफ कर दिया है कि चाहे प्रधानमंत्री ही क्यों न हों, अगर भ्रष्टाचार करेंगे तो जेल जाएंगे और पद छोड़ना होगा। उन्होंने विपक्ष पर केवल हंगामा कर सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया और कहा कि देश बदलावकारी विधेयकों का स्वागत कर रहा है।