भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। अय्यर को अपने 3,000 एकदिवसीय रन पूरे करने के लिए सिर्फ 34 रन की जरूरत है। जैसे ही ये रन पूरे होंगे, उनका नाम रिकॉर्ड बुक में खास अंदाज में दर्ज हो जाएगा और कई दिग्गज पीछे छूट जाएंगे।
सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले भारतीय बन सकते हैं अय्यर
अभी तक भारत की ओर से सबसे कम पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे करने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है। उन्होंने 72 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। वहीं विराट कोहली को इस आंकड़े तक पहुंचने में 75 पारियां लगी थीं। श्रेयस अय्यर अब तक 68 पारियों में 2,966 रन बना चुके हैं। अगर वे दूसरे वनडे में 34 रन बना लेते हैं, तो महज 69 पारियों में 3,000 रन पूरे कर लेंगे और शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
वर्ल्ड क्रिकेट में भी खास क्लब में होगी एंट्री
श्रेयस अय्यर का यह कारनामा सिर्फ भारतीय क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। वे दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने सबसे कम पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे किए हैं। इस उपलब्धि के साथ वे वेस्टइंडीज के दिग्गज विव रिचर्ड्स की बराबरी कर लेंगे, जिन्होंने 69 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। इससे पहले हाशिम अमला, शाई होप और बाबर आजम जैसे नाम इस सूची में शामिल हैं।
कई बड़े भारतीय नाम छूट जाएंगे पीछे
अगर श्रेयस अय्यर यह रिकॉर्ड बना लेते हैं, तो रोहित शर्मा, केएल राहुल, नवजोत सिद्धू और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों से भी आगे निकल जाएंगे। यह उपलब्धि अय्यर को मौजूदा दौर के सबसे भरोसेमंद एकदिवसीय बल्लेबाजों की कतार में और मजबूत कर देगी।
इसे भी पढ़ें : चोटिल खिलाड़ी को मैदान में उतारना सही था या गलती, Kaif के सवालों से गरमाया मामला
2017 से शुरू हुआ सफर अब नए मुकाम पर
श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया के लिए अपना एकदिवसीय करियर साल 2017 में शुरू किया था। बीच में चोट और टीम में अंदर बाहर होने के दौर जरूर आए, लेकिन उनके टैलेंट पर कभी सवाल नहीं उठा। हाल ही में चोट से वापसी के बाद उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 49 रन की उपयोगी पारी खेली।
फॉर्म में हैं अय्यर, रिकॉर्ड बनना तय माना जा रहा
मौजूदा फॉर्म को देखते हुए श्रेयस अय्यर का दूसरे वनडे में 34 रन बनाना मुश्किल नहीं लगता। टीम इंडिया को उनसे एक और ठोस पारी की उम्मीद होगी, वहीं फैंस को बेसब्री से उस पल का इंतजार है, जब अय्यर 3,000 रन पूरे कर इतिहास रचेंगे। अगर ऐसा होता है, तो यह सीरीज सिर्फ जीत की नहीं बल्कि एक नए रिकॉर्ड की भी गवाह बनेगी।