न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले श्रेयस अय्यर की वापसी पर सवाल खड़े हो गए हैं। टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए अब उन्हें सिर्फ फॉर्म नहीं बल्कि फिटनेस की कड़ी परीक्षा भी पास करनी होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने अय्यर के सामने साफ शर्त रखी है। उन्हें दो अहम मैच सिमुलेशन सेशंस को सफलतापूर्वक पूरा करना होगा। ये सेशंस 2 और 5 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे। इन्हीं सेशंस के आधार पर तय होगा कि अय्यर न्यूजीलैंड सीरीज के लिए चयन के योग्य हैं या नहीं।
फिटनेस बनी सबसे बड़ी रुकावट
श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजी और फील्डिंग के चार फिटनेस सेशन पहले ही पास कर लिए हैं, लेकिन मेडिकल टीम अभी संतुष्ट नहीं है। जांच में सामने आया है कि अय्यर का मसल मास कम हुआ है, जिसे लेकर बीसीसीआई कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। इसी वजह से उनकी वापसी को फिलहाल टाल दिया गया है। अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो मुकाबले खेलने थे, लेकिन फिटनेस कारणों से वह मैदान में नहीं उतर सके। अब 3 जनवरी को होने वाली चयन बैठक से पहले उनका चयन मुश्किल माना जा रहा है, हालांकि पहला सिमुलेशन सेशन देखकर भी अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे की चोट का असर
श्रेयस अय्यर को यह परेशानी ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वनडे सीरीज में हुई थी। कैच पकड़ने के प्रयास में डाइव लगाने के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी थी। इस चोट के कारण उनकी स्प्लीन में समस्या आई और अंदरूनी ब्लीडिंग भी हुई। इसके बाद वह करीब दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहे। इस दौरान उनका वजन करीब 6 किलो तक घट गया। अब मेडिकल टीम चाहती है कि अय्यर पूरी तरह पुराने फिटनेस स्तर पर लौटें, ताकि भविष्य में किसी तरह का जोखिम न रहे।
इसे भी पढ़ें : एशेज के आखिरी टेस्ट से पहले England का बड़ा दांव, 11 नहीं 12 खिलाड़ी चुने, सिडनी की पिच ने बढ़ाया सस्पेंस
वापसी से बदलेगा टीम का समीकरण
अगर श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुने जाते हैं तो इसका असर टीम संयोजन पर भी पड़ेगा। उनकी वापसी से ऋतुराज गायकवाड़ को नुकसान हो सकता है। अय्यर की गैरमौजूदगी में गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था। लेकिन अय्यर के आने पर यह स्थान खतरे में पड़ सकता है। वहीं अगर अय्यर चयन में सफल नहीं होते हैं तो कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के लिए मौका बन सकता है, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार मैचों में तीन शतक लगाए हैं। चयन से पहले यह मुकाबला और दिलचस्प होता नजर आ रहा है।