Patna NEET Student Suicide: राजधानी पटना के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा ने सुसाइड कर लिया। मृतका की पहचान समस्तीपुर की रहने वाली श्रुति कुमारी के रूप में हुई है। श्रुति ने उसी कमरे में फांसी पर लटककर अपनी जान दे दी जहां वह नीट परीक्षा के लिए दिन-रात पढ़ाई करती थी। इस घटना के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
श्रुति का शव फंदे से लटका मिला
आपको बता दें कि यह दर्दनाक घटना पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के सचिवालय कॉलोनी 2A/26 स्थित 'राधे कृष्ण हॉस्टल' की है। इस हॉस्टल में मंगलवार (2 जून) की सुबह श्रुति का शव फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि श्रुति साल 2024 से इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार की रात वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन सुबह उसका शव मिलने से पूरे हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
10 दिन पहले घर से लौटी थी
मिली जानकारी के अनुसार श्रुति करीब 10 दिन पहले ही अपने गांव से पटना लौटी थी। श्रुति के दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से काफी परेशान और मानसिक तनाव में थी। वह अक्सर दोस्तों से कहती थी कि उसके मम्मी-पापा उससे बात नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: CUET UG 2026 Admit Card: एनटीए ने सीयूईटी यूजी री-शेड्यूल एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड किया जारी, ऐसे करें डाउनलोड
पोस्टमार्ट के लिए भेजा शव
फिलहाल, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी जांच पूरी कर ली है और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने समस्तीपुर में रह रहे श्रुति के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इससे पहले भी हो चुकी है घटना
आपको बता दें कि नीट के पेपर लीक की वजह से सिर्फ श्रुति ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की रहने वाली आकांक्षा चतुर्वेदी ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसके मां बाप का कहना था कि वह पढ़ने में बहुत होशियार थी। उसका एग्जाम भी बहुत अच्छा हुआ था और वह बहुत खुश थी, लेकिन जब पेपर लीक हुआ तो वह सदमे में चली गई थी। आकांक्षा ने खाना-पीना तक छोड़ दिया था। उसका कहना था कि अगला एग्जाम अच्छा नहीं हुआ तो वह क्या करेगी?
पिता ने लिया था लोन
बता दें कि आकांक्षा एक गरीब किसान परिवार से थी। उसके पिता ने उसे डॉक्टर बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड पर 15 लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज लिया था। इस पेपर लीक ने आकांक्षा की भी उम्मीदें तोड़ दी थीं। आकांक्षा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा भी था कि उसने अपने मां-पापा के लिए सब बर्बाद कर दिया।