अमित शाह की मौजूदगी में कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। राज्यपाल आरएन रवि द्वारा विधानसभा भंग किए जाने के बाद अब बीजेपी सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम के फॉर्मूले पर सहमति बना ली है। माना जा रहा है कि 9 मई को ब्रिगेड ग्राउंड में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं।
शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे नाम शुभेंदु अधिकारी का बताया जा रहा है। बीजेपी के भीतर उन्हें सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार पार्टी बंगाल में बड़ा सामाजिक और राजनीतिक संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री के साथ दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की तैयारी है। इनमें एक महिला चेहरा और एक मतुआ समुदाय से नेता शामिल किए जाने की चर्चा है। महिला डिप्टी सीएम की रेस में अग्निमित्रा पॉल का नाम तेजी से सामने आ रहा है।
ये भी पढ़ें : Hormuz संकट से भारत में LPG सप्लाई प्रभावित, आयात घटने से बढ़ी चिंता
शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बीजेपी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की कोशिश में जुटी है। पार्टी का मानना है कि पश्चिम बंगाल में यह जीत सिर्फ सरकार बदलने की नहीं बल्कि लंबे राजनीतिक संघर्ष की जीत है। खास बात यह है कि 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर जयंती भी है और बीजेपी इसे बंगाल की सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर बड़ा संदेश देना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बड़े नेता भी समारोह में शामिल हो सकते हैं।
बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत को राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। करीब 15 साल तक सत्ता में रही ममता बनर्जी की सरकार के जाने के बाद अब बंगाल में नई राजनीतिक तस्वीर बनती दिखाई दे रही है। बीजेपी के भीतर अब मंत्रिमंडल को लेकर भी मंथन तेज हो गया है। पार्टी संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल सबकी नजर विधायक दल की बैठक और अंतिम घोषणा पर टिकी हुई है क्योंकि अगले कुछ घंटों में बंगाल की नई सत्ता की पूरी तस्वीर साफ हो सकती है।